10 साल बाद जून में सबसे ज्यादा दिन चली लू, पारा 45 पार; आज और कल रेड अलर्ट
राजधानी बीते छह दिन से लू की चपेट में है। दस साल बाद सबसे ज्यादा लू जून माह में चली है। इससे पहले वर्ष 2014 में सात दिन तक लू चली थी। सोमवार को लू का ऑरेंज अलर्ट रहा। शुष्क हवाओं और आसमान से बरस रही आग से तापमान 45 डिग्री पार कर गया, जबकि कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री के पार रहा। सबसे अधिक गर्म इलाका जाफरपुर रहा। यहां का तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 35.9 डिग्री तक पहुंच गया। यहां की रात सबसे अधिक गर्म रही।19 जून से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्की बारिश व धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस कारण से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट होगी। हालांकि 21 जून से एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 23 जून तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32-33 डिग्री के बीच ही रहेगा।