Homeराज्यो से ,
कांग्रेस को विजयपुर उपचुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा, समिति में इन नेताओं को किया शामिल

विधानसभा और उसके बाद लोकसभा चुनाव हारने के बाद एमपी कांग्रेस लगातार बदलाव कर रही है। वरिष्ठ नेताओं को साइड किया जा रहा है। इसके बाद भी उन्हें सफलता मिलती नहीं दिख रही है। अब एक बार फिर से मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर विश्वास दिखाया है। प्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में निकट भविष्य में उपचुनाव होगा। जिसे लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए एक 6 सदस्यीय समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी के निर्देश पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद एवं कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायक फूलसिंह बरैया, विधायक दिनेश गुर्जर और लोकसभा प्रत्याशी मुरैना सत्यपालसिंह सिकरवार को समिति में शामिल किया गया है। समिति के सभी सदस्य संयुक्त रूप से श्योपुर जिला व विजयपुर का दौरा कर ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर के गठन और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए विधानसभा स्तर पर पुर्नगठन करने कार्ययोजना तैयार कर सौपें गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे। समिति द्वारा किए कार्यों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को प्रस्तुत करेंगे।  मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और छह बार के कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत कुछ समय पहले एक हजार समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने श्योपुर में एक सार्वजनिक रैली में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली थी। रामनिवास रावत जब भाजपा में शामिल हो रहे थे, उसी वक्त राहुल गांधी पड़ोसी जिला भिंड में चुनाव प्रचार के दौरान एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद से इस सीट पर उपचुनाव की चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि, राम निवास रावत के विधायक पद से इस्तीफा नहीं देने की वजह से चुनाव की तारीख तय नहीं हो पा रही है।
 

 
 
 
 
 

Share This News :