बीजेपी विधायक के भाई ने गोली मार कर की आत्महत्या
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय जनता पार्टी के नेता के बुजुर्ग भाई ने अपने घर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार ली। गोली की आवाज सुन परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें लेकर सीधे अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक पूर्व से डिप्रेशन में बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज भी चल रहा था। मृतक बीजेपी के विधायक मोहन सिंह राठौड़ के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।घटना ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र के जवाहर कॉलोनी की है। जब घर के बुजुर्ग अशोक सिंह राठौड़ जो कि लगभग 75 साल के थे। उन्होंने खाना खाकर अपने जवाहर कॉलोनी स्थित निवास पर कमरे में आराम करने चले गए थे। परिवार के बाकी सदस्य अपने-अपने कमरों में थे। तभी अचानक बगल के कमरे से गोली जैसे तेज धमाके की आवाज आई तो परिजन निकलकर आए तो देखा कि अशोक सिंह राठौड़ खून से लथपथ पड़े थे और पास ही उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी। मंजर देखकर पूरे परिवार में चीख और चिल्लाहट मच गई। परिजन उन्हें लेकर सीधे अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों द्वारा यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।