एमबीए पेपर लीक के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, सैकड़ों छात्रों से हुई पूछताछ
डीएवीवी (देवी अहिल्या विश्विद्यालय) एमबीए पेपर लीक के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें आइडलिक इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट इंदौर के कम्प्यूटर आपरेटर दीपक सोलंकी औ इसी कालेज के दो छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। आपरेटर दीपक (उम्र 25) रंगवासा रोड़ पर रहता है और इन छात्रों के साथ पेपर लीक करने में उसकी भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। विभिन्न छात्र संगठनों ने पेपर लीक के मामले में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली का विरोध किया था। इसके साथ पेपर लीक से संबंधित ज्ञापन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में दिया गया था। छात्र संगठनों द्वारा पेपर लीक करने वालों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई थी तथा प्रकरण की जांच के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस उपायुक्त जोन-3 एवं क्राइम ब्रांच में शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया।