Homeराज्यो से ,
भाजपा की लगातार पांचवीं जीत, पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे भारत सिंह कुशवाह

ग्वालियर मध्य प्रदेश की उन चुनिंदा सीटों में से एक है, जहां 2019 के मुकाबले ज्यादा वोटिंग हुई है। इस बार भाजपा ने सांसद विवेक नारायण शेजवलकर का टिकट काटकर भारत सिंह कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया। पार्टी के इस भरोसे को कुशवाह ने कायम भी रखा और सीट जीतकर भाजपा की झोली में डाल दी। कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक को उम्मीदवार बनाया था, पर उनके हिस्से हार आई। इस बार दोनों प्रमुख पार्टियों को मिलाकर 19 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे थे। ग्वालियर में तीसरे चरण में सात मई को मतदान हुआ था। इस बार 62.13 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो 2019 के 59.78 प्रतिशत के मुकाबले करीब ढाई प्रतिशत अधिक है। 2014 में इस सीट पर 52.73 प्रतिशत वोटिंग ही हुई थी। ग्वालियर में बीते पांच चुनाव से भाजपा ही जीत रही है। 2004, 2009, 2014, 2019 और अब 2024 में भाजपा को जीत मिली है। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस लोकसभा सीट की आठ में से चार-चार सीटें भाजपा और कांग्रेस की झोली में गिरी थीं। लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार में भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी। हालांकि, कांग्रेस प्रत्याशी को प्रचार के लिए कम समय मिला। प्रचार की कमान प्रदेश स्तरीय नेताओं के हाथ में ही रही। ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत रही कांग्रेस ने इस बार फोकस शहर और शहर में मजबूत रहने वाली भाजपा ने ग्रामीण पर ध्यान लगाया। 

ग्वालियर सीट पर भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह को 6 लाख 68 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक को पांच लाख 99 हजार वोट मिले हैं। बसपा यहां तीसरे नंबर पर रही। बसपा के कल्याण सिंह कंसाना ने 33 हजार 308 वोट पाए। वहीं नोटा में तीन हजार 309 वोट पड़े हैं। 
 
 
 
 
 

Share This News :