‘तीसरा कार्यकाल देश के बड़े फैसलों के लिए समर्पित, ये मोदी की गारंटी’, नतीजों के बाद बोले पीएम
जय जगन्नाथ, हम सभी जनता जनार्दन के ऋणी हैं।' उन्होंने कहा, जनता ने भाजपा और एनडीए पर भरोसा जताया है। आज की यह विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। यह भारत के अटूट निष्ठा की जीत है। यह विकसित भारत के प्रण की जीत है…यह कहना है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का। मतगणना के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह विकसित भारत के प्रण की जीत है। यह सबका साथ, सबका विकास की जीत है। यह इस मंत्र की जीत है। यह 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।उन्होंने आगे कहा कि मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करुंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता के साथ संपन्न कराया है। इस चुनाव में करीब 100 करोड़ मतदाता, 11 लाख पोलिंग स्टेशन, 55 लाख वोटिंग मशीन, 1.5 करोड़ मतदान कर्मियों ने साथ काम किया। भारत की चुनाव प्रक्रिया, चुनाव के पूरे सिस्टम पर हर भारतीय को गर्व है। ये अपने आप में बहुत बड़ा गौरव का विषय है।पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया। बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया। दोस्तों 10 साल पहले देश ने हमें जनादेश दिया था। 2013-14 में देश एक निराशा की गर्त में डूब चुका था। हर दिन अखबारों की हेडलाइन ऐसी ही होती थीं। ऐसे समय में देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था।पीएम मोदी ने मंच से कहा कि देश के इतिहास में महिलाओं द्वारा दिए गए वोटों से रिकॉर्ड टूट गया है। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। देश की कोटि-कोटि माताओं-बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी है। राष्ट्र प्रथम की भावना हमें लक्ष्य हासिल करने का हौसला देती है। हमने दुनिया की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 साल बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल मिला है।