जीते के दावे... एनडीए @80 और इंडिया @49, 10 सीटों पर कांटे की टक्कर
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के साथ ही सभी सियासी दल अब हार जीत का अनुमान लगाने में जुट गए हैं। हर दल अपनी-अपनी बढ़त का दावा कर रहा है। एनडीए जहां प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत का दावा कर रहा है, वहीं, विपक्षी गठबंधन इंडिया 49 सीटों पर दावा कर रहा है।36 सीटों पर सपा अपनी जीत पक्की मान रही है। जबकि, कांग्रेस भी गठबंधन में मिली 17 में से 12 सीटों पर जीत तय मान रही है। भदोही सीट पर भी गठबंधन अपनी जीत का दावा कर रहा है।
भाजपा : 65 से 70 सीटें जीतने की उम्मीद
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का दावा है कि एनडीए यूपी की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है। हालांकि पार्टी की ओर से कराए गए आंतरिक सर्वे में 65 से 70 सीट पर जीत मिलने की उम्मीद जताई गई है। सर्वे में पहले चरण की रामपुर और मुरादाबाद और दूस चरण की संभल और अमरोहा सीट पर कड़ी टक्कर बताई गई है। जबकि दोनों चरणों में छह-छह सीटों पर जीत पक्की बताई जा रही है।सूत्रों के मुताबिक, तीसरे चरण के सर्वे में भी मैनपुरी और फिरोजाबाद को छोड़कर शेष सभी आठ सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद जताई गई है। चौथे चरण में भी भाजपा को सबसे अधिक सीट मिलने की संभावना बताई गई है। इस चरण की 13 सीटों में सिर्फ कन्नौज पर कांटे की टक्कर और शेष 12 सीटों पर भाजपा को भारी बताया गया है।हालांकि सूत्रों का कहना है कि पार्टी के अपने सर्वे में जो कुछ सामने आया उसके मुताबिक, भाजपा को कौशांबी और बांदा में कड़ी टक्कर मिल सकती है, जबकि छठवें चरण में भाजपा को सबसे अधिक सीटों पर संघर्ष करना पड़ रहा है। चुनावी रणनीति से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस चरण में प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, बस्ती और आजमगढ़ में कड़ा संघर्ष करना पड़ा है। इन जगहों पर हार-जीत का अंतर काफी कम हो सकता है। अंतिम चरण में भी भाजपा सिर्फ गाजीपुर और घोसी में कड़ा संघर्ष मान रही है, शेष सीटों पर जीत पक्की होने का दावा कर रही है।