Homeराज्यो से ,
पीएम मोदी, कंगना, अनुराग ठाकुर से लेकर चन्नी तक मैदान में, जानें कहां कैसा समीकरण?

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान जारी है। इस चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इन सीटों पर कुल 904 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री कंगना रनौत, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की भी सीटें शामिल हैं। 

नरेंद्र मोदी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था। नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था।

अनुराग ठाकुर: हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट भी खास है। यहां से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पांचवीं बार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वह मोदी सरकार में अभी खेल, युवा मामलों के मंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्री हैं। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे प्रेम कुमार धूमल के बेटे हैं। इस चुनाव में उनके सामने कांग्रेस ने पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को मैदान में उतारा है। वहीं, बसपा ने हेमराज को प्रत्याशी बनाया है। 2019 में हमीरपुर सीट पर भाजपा के अनुराग ठाकुर को सफलता मिली थी। बीते चुनाव में यहां 72.83% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

कंगना रनौत: इस चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में कुछ ऐसे हैं जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। ऐसी ही एक उम्मीदवार हैं कंगना रनौत। फिल्म अभिनेत्री कंगना को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विधायक विक्रमादित्य सिंह मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य सिंह का परिवार मंडी लोकसभा सीट का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरुप शर्मा जीते थे। 2019 में मंडी में 73.6% लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। 2021 में मंडी सांसद रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया। इसके बाद मंडी सीट पर उप-चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं।

आनंद शर्मा: हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट भी चुनावों में चर्चा में है। कांग्रेस ने यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। आनंद शर्मा केंद्र सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में मंत्री रह चुके हैं। उधर भाजपा ने सांसद किशन कपूर का टिकट काटकर नए चेहरे के तौर पर केसीसी बैंक के चेयरमैन रह चुके आयुर्वेदिक डॉक्टर राजीव भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया है। छात्र राजनीति से निकले डॉ. भारद्वाज अब तक चुनाव लड़वाने वाले नेता के तौर पर जाने जाते रहे हैं। 2019 में कांगड़ा से भाजपा के किशन कपूर ने सफलता हासिल की थी। बीते चुनाव में यहां 70.73% लोगों ने मतदान में भाग लिया था।

रवि किशन: सातवें चरण में उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में शुमार गोरखपुर में भी वोटिंग होगी। यहां से भोजपुरी अभिनेता रवि किशन भाजपा के टिकट पर फिर चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट से वह मौजूदा सांसद भी हैं। गोरखपुर वही सीट है जहां से उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसद हुआ करते थे। यहां की राजनीति में गोरक्षपीठ का काफी असर रहता है। इस अहम सीट पर लड़ाई दो फिल्मी चेहरों के बीच है। रवि किशन के सामने सपा की काजल निषाद चुनाव लड़ रही हैं जो खुद भी भोजपुरी कलाकार हैं। इसके अलावा, बसपा ने जावेद सिमनानी को मैदान में उतारा है।  गत चुनाव में गोरखपुर में 59.81% लोगों ने मतदान में भाग लिया था। 

चरणजीत सिंह चन्नी: पंजाब की जालंधर सीट भी इस चुनाव में खास बनी हुई है। यहां कांग्रेस ने राज्य के मुख्यमंत्री रहे चरणजीत सिंह चन्नी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने आप से आए सांसद सुशील कुमार रिंकू को टिकट दिया है। चुनाव से पहले सांसद सुशील कुमार रिंकू आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। रिंकू आम आदमी पार्टी से एकमात्र सांसद थे। जालंधर सीट पर आप से पवन कुमार टीनू और शिअद से मोहिंदर सिंह केपी उम्मीदवार हैं। 2019 में जालंधर में कांग्रेस से संतोख सिंह चौधरी (कांग्रेस) जीतकर संसद पहुंचे थे। गत चुनाव में यहां 63.04% लोगों ने वोटिंग की थी। पिछले साल संतोख सिंह का निधन हो गया था जिसके बाद हुए उपचुनाव में यह सीट आप के रिंकू ने जीती थी।

अभिषेक बनर्जी: पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट भी चर्चित सीटों में शामिल है। टीएमसी ने यहां पार्टी के महासचिव और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने अभिजीत दास (बॉबी) को टिकट दिया है। दास भाजपा की दक्षिण 24 परगना जिला इकाई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा माकपा के युवा नेता प्रतिकुर रहमान को मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में इस सीट से टीएमसी के अभिषेक बनर्जी को जीत मिली थी। 2019 के चुनाव में डायमंड हार्बर में 81.98% लोगों ने मतदान किया था।

 

 
 

Share This News :