प्रेस कान्फ्रेंस छोड़कर चले गए विजयवर्गीय - पढ़ें क्यों
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि वे जुलाई में एक ही दिन में शहर की जनता के साथ तीन घंटे में 51 लाख पौधे लगाएंगे। ग्लोबल गार्डन में हुई इस प्रेस वार्ता में एमओजी लाइन और हुकुमचंद मिल के पेड़ों की कटाई के विषय में उन्होंने चुप्पी साध ली। इंदौर में दस साल बाद रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पढ़ने के बाद नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें जरूर नजर आ रही हैं लेकिन नेता लगातार हो रही पेड़ों कटाई को लेकर कहीं भी चिंतित नजर नहीं आ रहे हैं। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 51 लाख पेड़ लगाने के लिए मुहिम शुरू की है। इसी सिलसिले में उन्होंने ग्लोबल गार्डन में प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में जब यह प्रश्न आया कि एमओजी लाइन, हुकुमचंद मिल और अन्य जगहों के पेड़ों की कटाई रोकने के लिए क्या कर रहे हैं तो उन्होंने तुरंत प्रेस वार्ता समाप्त कर दी। इससे पहले प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान बढ़ रहा है। इंदौर में भी तापमान ने रिकॉर्ड बनाया है। मुझे लगता है कि यदि हमने समाज को जागृत नहीं किया तो आने वाला समय हमारे लिए बहुत खराब हो सकता है, इसीलिए अभी जितनी हमारी जनसंख्या है। उसके हिसाब से इस शहर में लगभग 25 करोड़ पेड़ होने चाहिए। इंदौर जिले में बमुश्किल 4 से 5 करोड़ पेड़ हैं। हमें संकल्प लेकर अगले पांच साल में 25 करोड़ पेड़ लगाने चाहिए। तब इस शहर में हम शुद्ध ऑक्सीजन ले सकेंगे और हमें प्रदूषण से हमें मुक्ति मिलेगी। हमने नगर निगम, आईडीए सभी के साथ बैठकर निर्णय लिया है कि सभी विभाग मिलकर 51 लाख पेड़ लगाएंगे। इसके लिए हम लोग पूरे समाज में जागृति अभियान शुरू करेंगे।