नौतपा के तीसरे दिन भट्टी की तरह जला ग्वालियर-चंबल संभाग में पारा 47.4 डिग्री पर
ग्वालियर-चंबल अंचल में नौतपा का तीसरा दिन भट्टी की तरह तपा। दिन में अधिकतम तापमान 47 डिग्री को पार कर गया। चार साल बाद नौतपा इतनी तेज तप रहा है। ग्वालियर में सुबह 8.30 बजे ही पारा 35.6 डिग्री क्रॉस कर गया था। 11.30 बजे यह तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर निकल गया है। दोपहर 1 बजे तापमान 46 डिग्री पार कर गया। ग्वालियर-चंबल में दतिया में 47.4, गुना में 47.2, अशोकनगर में 47.1, ग्वालियर में 46.7 और शिवपुरी में 46.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर में नौतपा चार साल बाद तप रहा है। पिछले तीन साल में नौपता में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया है। साल 2024 का नौतपा तपिश लेकर आया है। नौपता के पहले ही दिन पिछले तीन साल का रिकार्ड टूटा था। पहले दिन पारा 43.9 डिग्री पर जा पहुंचा। नौतपा के दूसरे दिन भी रहा। दूसरे दिन का अधिकतम पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तीसरे दिन तो यह 46.7 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि नौतपा के तीसरे दिन 27 मई साल 2021 में अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा था। साल 2022 में 39 डिग्री और साल 2023 में 38 डिग्री अधिकतम तापमान रहा था। इस दौरान आंधी और बारिश भी हुई थी। इसके कारण पारा 40 डिग्री के पार तक नहीं जा सका था। साल 2020 में नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था।