नर्सिंग कॉलेजों की गड़बड़ियों पर सीएम मोहन सख्त, बर्खास्त किए जाएंगे सभी दोषी अधिकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश के नर्सिंग कॉलेज में चल रहे घोटाले को लेकर सख्ती दिखाई है। सीएम के निर्देश पर मेडिकल एजुकेशन विभाग ने नर्सिंग कॉलेज में सुधार के लिए रोडमैप बनाया है। बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया गया है। उन अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने अनफिट नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता देने में सहायता की। साथ ही इंजीनियरिंग एवं मेडिकल की तर्ज पर नर्सिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा ली जाएगी।केंद्र के नर्सिंग एक्ट के अनुसार, राज्य में एक आयोग का भी गठन किया जाएगा। इस संबंध में सीएम मोहन यादव ने विभागीय सचिव मोहम्मद सुलेमान को निर्देश दिए हैं। सीएम ने नर्सिंग काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार और सचिव पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए शासकीय नर्सिंग संस्थानों में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती के निर्देश भी सीएम की ओर से दिए गए हैं।घोटाला के अपराधियों की धरपकड़ के लिए अब अभियान चलाया जाएगा। पुलिस एक-एक कर दलालों पर कार्रवाई करेगी। लोकसभा चुनाव के बीच नर्सिंग घोटाला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार की छवि खराब हुई है। अब सीएम मोहन यादव ने डीजीपी सुधीर सक्सेना संग बैठक कर आला अफसरों को अपराधियों के साथ सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए हैं।