Home > अपना शहर ,
दतिया में प्रदेश का पहला रूलर रिसर्च सेंटर बनेगा

जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने बड़ौनी में रखी आधारशिला 

दतिया जिले के लोगों को अब बीमारियों की जांच के लिए ग्वालियर या किसी अन्य बड़े शहर में चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दतिया जिले में ही चिकिनगुनिया, डेंगूँ, मलेरिया, स्वाईन फ्लू आदि बीमारियों की जांच हो सकेगी। प्रदेश का पहला रूलर हैल्थ रिसर्च सेंटर जिले की नगर पंचायत बड़ौनी में खुल रहा है। प्रदेश के जल संसाधन एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने शनिवार को बड़ौनी में इसकी आधारशिला रखी। दो करोड़ रूपये की लागत से इस रिसर्च सेंटर का निर्माण किया जायेगा।

            जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि इस रिसर्च सेंटर के बन जाने से बीमारियों के ईलाज के लिए लोगों को ग्वालियर या अन्य महानगरों में नहीं जाना पड़ेगा दतिया में ही बीमारियों की जांच और उपचार हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु कटीबद्ध है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में शासन द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही है जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ौनी क्षेत्र में पेयजल समस्या के निदान के साथ ही सड़कों के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही सब्जी मंड़ी निर्माण का कार्य भी प्राथमिकता पर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकास के कार्य में किसी प्रकार का विलंब न हो इसके निर्देश भी संबधित अधिकारियों को दिए गए है। जल संसाधन मंत्री डाँ. नरोत्तम मिश्र ने नगर उदय अभियान के तहत लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत  प्रमाण  पत्र भी वितरित किए।

            कार्यक्रम के दौरान पाठय पुस्तक निगम उपाध्यक्ष श्री अवधेश नायक ने कहा कि मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र संवेदनशीलता से जन हित के कार्य कर रहे है। विकास कार्यो में सभी का सहयोग होना चाहिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र द्वारा अमर शहीद डॉ. भगवानदास माहौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा शिला पटिटका का पूजन कर अनावरण किया।

            इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह बुंदेला, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री किशोर सूत्रकार, मंड़ी अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जीतू कमरिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुभाष अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विनय यादव, मंडी उपाध्यक्ष श्री धीरू दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Share This News :