नर्सिंग घोटाले की CBI जांच में कमलनाथ-अरुण यादव को विश्वास नहीं, बोले- हाईकोर्ट की निगरानी में हो जांच
मध्य प्रदेश के नर्सिंग कॉलेज में हुए घोटाले को लेकर सीबीआई जांच कर रही है। इसी सीबीआई के ही कुछ अधिकारियों को मामले में शामिल होने पर केंद्रीय दल ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद से कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने मांग की है कि नर्सिंग घोटाले की जांच हाई कोर्ट के निगरानी में निष्पक्ष रूप से की जाए।पूर्व केंद्रीय नगर मंत्री अरुण यादव ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि नर्सिंग घोटाले में माननीय हाई कोर्ट के निर्देश के बाद हुई सीबीआई जांच (राजनैतिक संरक्षण से हुए महाभ्रष्टों और व्यापक स्तर पर हुए भ्रष्टाचार) की तस्वीर सामने आने के बाद अब यह स्पष्ट हो चुका है कि व्यापमं महाघोटाले की जांच किस तरह हुई होगी।यादव ने कहा कि अब ज़रूरी है कि मप्र के नए माननीय न्यायाधिपति जी स्वत: संज्ञान लेकर नर्सिंग और व्यापमं दोनों ही महाघोटालों की जांच की भी जांच करवाएं, क्योंकि भ्रष्टाचार की नदी देश एवं प्रदेश में अब समुंदर के रूप में तब्दील हो चुकी है और देश-प्रदेशवासियों का विश्वास अब सिर्फ और सिर्फ न्यायपालिका पर ही है। उन्होंने कहा है कि मुझे यकीन है कि अब न्यायपालिका ही इन वास्तविक भ्रष्टाचारियों के चेहरों को बेनकाब कर इनके मंसूबों पर कालिख पोतेगी।