Home > अपना शहर ,
एक मीठी गोली बच्चे के शारीरिक व मानसिक विकास का रास्ता खोल देगी

10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत बच्चों को खिलाई जायेगी मीठी गोली

कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश 

बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण (कीड़े) होने से उसका मानसिक व शारीरिक विकास थम जाता है। जाहिर है वह पढ़ाई लिखाई में भी पिछड़ जाता है। सरकार द्वारा बच्चों को कीड़ों से मुक्ति दिलाने के लिये राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 10 फरवरी को “राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस” मनाया जायेगा। इस दिन एक साल से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि नाशक एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाई जायेगी। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने निर्देश दिए कि यह मीठी गोली बच्चों के समग्र विकास का रास्ता प्रशस्त करेगी। इसलिये कोई भी बच्चा गोली खाने से छूटने न पाए।

      शनिवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में डॉ. गोयल ने निर्देश दिए कि इस बात का व्यापक प्रचार-प्रसार करें कि कृमि नाशक गोली मीठी होती है। जिसे बच्चे खुशी-खुशी खा सकते हैं। उन्होंने कहा चूँकि गोली का लाभ तभी है जब इसे चबाकर अथवा पीसकर खाया जाए। इसलिये इस बात का भी स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित सभी जगह व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

      बैठक में बताया गया कि जिन बच्चों के पेट में कीड़े होंगे, उनके द्वारा यह गोली खायी जाने पर थोड़े समय के लिये हल्का-हल्का पेट में दर्द अथवा उल्टी की शिकायत हो सकती है। मगर यह हानिकारक नहीं है, बल्कि ऐसा होने पर साबित होगा कि गोली बच्चे के लिये विशेष फायदेमंद रही है और उनके पेट के कीड़े नष्ट हो गए हैं।  

      बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन, डब्ल्यूएचओ के विशेष चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम सिंघल, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन व जिला टीकाकरण अधिकारी श्री आर के गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

जो प्राइवेट स्कूल सहयोग नहीं करेंगे उनके खिलाफ होगी कार्रवाई

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बैठक में साफ किया कि कृमि मुक्ति दिवस को प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को भी कृमि नाशक गोली अनिवार्यत: खिलायी जानी है। जो प्राइवेट स्कूल इसमें सहयोग नहीं करेंगे, उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा मानकर सख्त कार्रवाई की जायेगी। डॉ. गोयल ने कहा कि निजी स्कूलों के प्रबंधकों को पहले से ही इस संबंध में बता दिया जाए कि वे अपने शिक्षकों को यह गोली खिलाने का प्रशिक्षण जरूर दिलायें।

मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम की भी हुई समीक्षा

      कलेक्टर ने चार चरणों में आयोजित हो रहे मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम और बाल सुरक्षा माह की भी शनिवार को समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन इन्द्रधनुष के तहत कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित रहना नहीं चाहिए। इसी तरह बाल सुरक्षा माह की गतिविधियाँ भी पूरी गंभीरता के साथ अंजाम दी जाएँ।

      मालूम हो मिशन इन्द्रधनुष का तृतीय चरण 7 से 14 फरवरी तक आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के तहत खासतौर पर उन बच्चों का टीकाकरण किया जाता है, जो नियमित टीकाकरण से छूट गए हैं। गत 27 दिसम्बर से शुरू हुआ बाल सुरक्षा माह 27 जनवरी तक चलेगा।

Share This News :