Home > अपना शहर ,
पड़ोसी मुल्क में है पोलियो वायरस 29 जनवरी को अपने बच्चों को जरूर पिलायें जिंदगी की दो बूँद

कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई टास्क फोर्स की बैठक में जिलेवासियों से अपील 

पोलियो का वायरस पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान व अफगानिस्तान में मौजूद है। इसलिये रविवार 29 जनवरी को आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को गंभीरता से लें। सभी जिलेवासी इस दिन पोलियो बूथ पर जाकर जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को जिंदगी की दो बूँद जरूर पिलायें। यह अपील कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की अध्यक्षता में हुई पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिलेवासियों से की गई।  

      पल्स पोलियो अभियान को बेहतर ढंग से अंजाम देने के सिलसिले में शनिवार को बुलाई गई बैठक में डॉ. गोयल ने कहा कि नियमित पोलियो बूथ के साथ-साथ बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन व ग्वालियर मेले में भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित करें। साथ ही ऐसे स्थानों को विशेष तौर पर चिन्हित करें, जहाँ अस्थायी डेरा बनाकर श्रमिक निवास करते हैं। मसलन ईंट भट्टा, निर्माणाधीन इमारतों और सड़कों के किनारे रहने वाले परिवारों का भी एक भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक पीने से वंचित न रहने पाए। उन्होंने पोलियो टीकाकरण में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों को प्रमुखता से जोड़ेंने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिये सभी चिकित्सक कोल्ड चैन को व्यक्तिगत रूप से देखें। साथ ही इसके लिये निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें। उन्होंने स्कूल शिक्षा व महिला एवं बाल विकास के अधिकारियों को भी पल्स पोलियो अभियान में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए।

      बैठक में बताया गया कि वर्ष 2011 से भारत में पोलियो वायरस का कोई भी केस नहीं मिला है। मगर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान व अफगानिस्तान तथा नाईजीरिया में पोलियो के केस लगातार मिले हैं। इन राष्ट्रों से भारत में भी आवागमन बना रहता है। इसलिये पल्स पोलियो कार्यक्रम को विशेष गंभीरता के साथ लेने की जरूरत है। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 29 जनवरी को पोलियो बूथ पर पोलियोरोधी खुराक पिलाई जायेगी। इसके अगले दिन छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो टीकाकरण किया जायेगा। विशेष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का द्वितीय चरण आगामी 2 अप्रैल को आयोजित होगा।

      बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन, डब्ल्यूएचओ के विशेष चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम सिंघल, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन व जिला टीकाकरण अधिकारी श्री आर के गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :