सड़क पर घायल पड़ा था युवक, कलेक्टर ने वाहन रोक भिजवाया चिकित्सालय
अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के भ्रमण से वापस जिला मुख्यालय अनूपपुर आ रहे कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने ग्राम पोंडकी के पास 21 मई की शाम बस से बाइक सवार की टक्कर हो जाने पर सड़क पर घायल पड़ा देख उन्होंने वाहन रुकवाया और घायल को त्वरित चिकित्सा हेतु अपने वाहन से राजेन्द्रग्राम चिकित्सालय भेजने की कोशिश की। लेकिन घायलों को वाहन में ले जाने में असुविधा होने लगी तो तत्काल एंबुलेंस बुला कर स्वयं घायल को लेकर अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान कलेक्टर के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ तब तक रूके रहे, जब तक घायल व्यक्ति की चिकित्सा सुनिश्चित नहीं हुई।मंगलवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के भ्रमण पर थे। इस दौरान पूरे दिन कड़ी धूप में विभिन्न कार्यों का अवलोकन कर विभिन्न आवश्यक बैठकों में शामिल होकर वह सीईओ जिला पंचायत के साथ अमरकंटक से अनूपपुर की ओर वापस आ रहे थे। तभी पोंडकी के पास देर शाम बस से टकरा कर बाइक सवार नरेन्द्र कुमार पटले शहडोल से दो पहिया वाहन से अपने गृह ग्राम फरींसेमर जा रहा था। पोंड़की के पास 7.30 बजे बस से टकरा कर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही बेहोशी की हालत में पड़ा था।इसी दौरान कलेक्टर आशीष वशिष्ठ जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र भ्रमण से वापस लौट रहे थे तो उन्होंने अपने वाहन को रुकवाकर घायल नरेन्द्र कुमार को उपचार के लिए स्वयं के वाहन में ले जाने का प्रयास किया। लेकिन ले जाने में असुविधा होने पर एंबुलेंस को बुलवाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम भिजवाया।