Home > अपना शहर ,
स्मार्ट सिटी क्षेत्र के साथ अन्य इलाकों का भी होगा सुनियोजित विकास – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने समर्थ नगर व कविनगर में किया सड़कों का लोकार्पण 

अगले दो साल में ग्वालियर के विकास में नए आयाम जुड़ेंगे और शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आयेगी। स्मार्ट सिटी के लिये चयनित क्षेत्र के साथ-साथ सरकार शहर के अन्य इलाकों का भी समानांतर रूप से सुनियोजित विकास करायेगी। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। श्रीमती माया सिंह शहर के वार्ड क्रं.19 के अंतर्गत समर्थ नगर व कविनगर में सीसी रोड़ के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

      समर्थनगर व कवि नगर में सीमेंट कंक्रीट युक्त इन सड़कों का निर्माण श्रीमती माया सिंह की विधायक निधि तथा पार्षद श्री बलवीर सिंह तोमर व श्री धर्मेन्द्र राणा की निधि से किया गया है। सड़कों के निर्माण पर लगभग 20 लाख रूपए की लागत आई है।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि खुशी की बात है ग्वालियर  प्रदेश का पहला ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) शहर बना है। स्वच्छता की परीक्षा में भी शहर को अव्वल दर्जा दिलाने में भी शहरवासी सहयोगी बनें। इसके लिये सभी अपने घर के साथ-साथ गली, मोहल्लों व सड़कों को साफ-सुथरा रखें। उन्होंने नगर उदय अभियान का लाभ उठाने के लिये भी आगे आने का आह्वान इस मौके पर उपस्थित जन समूह से किया।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि अगले दो वर्ष के भीतर अमृत योजना के तहत शहर की हर बस्ती में पेयजल व सीवर की समस्या का स्थायी रूप से समाधान सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के सर्वेक्षण के लिये केन्द्रीय दल ग्वालियर आ रहा है। इसलिये सभी नगरवासी यह सुनिश्चित करें कि सड़कों पर कचरा न दिखाई दे। घर पर एक कंटेनर में कचरा जमा करें और उसे कचरा वाहन में ही डालें।

      कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्री बलवीर सिंह तोमर ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पार्षद श्री धर्मेन्द्र राणा एवं सर्वश्री रामप्रकाश परमार व नरेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकगण मौजूद थे।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कार्यक्रम के बाद समर्थ नगर व कविनगर की गलियों में घूमकर जन समस्यायें जानीं। साथ यहाँ की महिलाओं को खासतौर पर भरोसा दिलाया कि एवेनजर स्कूल के समीप वाली गली में जल्द ही सड़क बनाई जायेगी। साथ ही सीवर की समस्या का समाधान कराया जायेगा।

शोक संवेदना व्यक्त करने भी पहुँचीं

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने शनिवार को शिवनगर में स्व. गंधर्व सिंह पटेल के निवास पर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त की।  

 

Share This News :