Home > राज्यो से ,
मध्य प्रदेश में तपिश के बीच बारिश, मंगलवार को ग्वालियर-चंबल समेत 24 जिलों में चलेगी लू

 प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान बढ़ा हुआ है। विशेषकर उत्तरी मध्य प्रदेश में लू भी चल रही है। उधर, अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से कुछ नमी आने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से भीषण तपिश के बीच कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही हल्की वर्षा भी हो रही है। सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच पचमढ़ी में 0.9 एवं सागर में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।

प्रदेश में सबसे अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में दर्ज किया गया। प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 43 से 46.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। साथ ही कहीं-कहीं वर्षा भी होगी। विशेषकर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर पश्चिमी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से तपिश बरकरार है।

उधर प्रदेश में लगातार द्रोणिका भी बन रही है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी से भी नमी आ रही है। इसके चलते लू जैसे हालात के साथ ही बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा भी हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी बने रहने की संभावना है। मंगलवार को भी ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभाग के जिलों में लू के आसार हैं। उधर, भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है

 

Share This News :