राहुल गांधी बोले- मैं जो चाहूं नरेंद्र मोदी से बुलवा सकता हूं, संविधान को लेकर कहीं ये बात
राजधानी दिल्ली में 25 मई को मतदान होना है। उससे पहले बड़ी बड़ी पार्टियों के बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरे हुए हैं। जहां एक तरफ पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर पूर्व दिल्ली में जनसभा को संबोधित किया तो वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी ने भी दिल्ली में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में पहली रैली के दौरान कहा कि मैं जो चाहूं नरेंद्र मोदी से बुलवा सकता हूं। मोदी जी आप अडानी-अंबानी का नाम नहीं लेते हैं। दो दिन बाद नरेंद्र मोदी अपने भाषण में कहते हैं कि अडानी-अंबानी। पिछले 10 साल में नरेंद्र मोदी ने छोटे व्यापारियों के लिए कुछ नहीं किया।राहुल गांधी ने आगे कहा कि उन्होंने नोटबंदी की, छोटे व्यापारियों का नुकसान हुआ। गलत जीएसटी लागू की। कई व्यापार बंद हो गए। नरेंद्र मोदी ने छोटे व्यापारियों और किसानों का एक रुपया माफ नहीं किया, लेकिन अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए कर्ज माफ कर दिया।