Home > अपना शहर ,
14 से 21 जनवरी तक जिले में आयोजित होंगे आनंद उत्सव

स्थानीय लोगों की सहभागिता से आयोजित होंगे आनंद उत्सव के कार्यक्रम 

एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि जिले में पंचायत स्तर पर 14 से 21 जनवरी तक आनंद उत्सव का आयोजन किया जायेगा। आनंद उत्सव के तहत तीन पंचायतों के गठित क्लस्टर स्तरों पर खेलकूद प्रतियोगितायें और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। यह कार्यक्रम स्थानीय लोगों की माँग और उनकी रूचि के अनुसार निर्धारित किए जायेंगे। उत्सव में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भी दिया जायेगा। जिला स्तर पर 30 जनवरी को एक जिला स्तरीय आयोजन भी किया गया है।

      उन्होंने यह बात कलेक्ट्रेट सभागार में आनंद महोत्सव के लिये नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक में कही। बैठक में एसडीएम डबरा श्री अमनबीर सिंह, एसडीएम भितरवार श्री इकबाल खान, एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्री एच बी शर्मा, एसडीएम ग्वालियर श्री रिंकेश वैश्य, एसडीएम घाटीगाँव श्री विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

      श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आनंद मंत्रालय का गठन किया जाकर जिला स्तर पर आनंद उत्सव का आयोजन 14 से 21 जनवरी तक करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कुल 256 ग्राम पंचायतों को 81 क्लस्टर में बांटकर प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। इसके लिये अनुविभागीय स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर आयोजन को सफलतापूर्वक करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुविभाग स्तर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों को रखा गया है। उन्होंने बताया कि दो-तीन पंचायतों को छोड़कर एक गाँव में 14 से 21 जनवरी के मध्य  आयोजन किए जायेंगे। इसके तहत गाँव में कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बॉलीबॉल आदि खेलों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जायेंगे। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों के साथ ही महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी।

      शासन द्वारा प्रत्येक सेक्टर स्तर पर आयोजन हेतु 15 – 15 हजार रूपए की धनराशि भी मुहैया कराई गई है। जिला स्तर पर 30 जनवरी को आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा है कि आनंदक के रूप में कोई भी व्यक्ति अपना पंजीयन करा सकता है। इसके लिये शासन द्वारा विभाग की वेबसाइट www.anandsansthanmp.in पर “आनंदक” के पंजीयन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सुविधा हेतु हैल्पलाईन दूरभाष क्रमांक-0755-2553333 पर भी “आनंदक” के पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

Share This News :