बहुमत नहीं मिला तो क्या है भाजपा का प्लान बी? जानिए इस सवाल के जवाब में क्या बोले अमित शाह
लोकसभा चुनाव के चार चरणों का मतदान हो चुका है। भाजपा का कहना है कि एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। वहीं विपक्षी गठबंधन दावा कर रहा है कि 4 जून को भाजपा की विदाई तय है। अब एक इंटरव्यू में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पूछा गया कि 'अगर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाती है तो क्या भाजपा के पास कोई प्लान बी है?' इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि 'प्लान बी तभी बनाया जाता है, जब प्लान ए के सफल होने की संभावाना 60 प्रतिशत से कम हो। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी भारी बहुमत से सत्ता में वापसी कर रहे हैं।अमित शाह से पूछा गया कि 'अगर भाजपा 4 जून को 272 के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी तो क्या होगा?' इस पर अमित शाह ने कहा 'मुझे ऐसी कोई संभावना नहीं दिखती। 60 करोड़ लाभार्थियों की एक मजबूत सेना पीएम मोदी के साथ खड़ी है। उनकी कोई जाति या उम्र वर्ग नहीं है। जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है, वो जानते हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी क्या हैं और क्यों 400 देना चाहिए।'