एमपी की आठ लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने झोंकी ताकत
मध्यप्रदेश की आठ लोकसभा सीटों में प्रचार बंद होने से पहले ही कांग्रेस के नेता अलग-अलग जगहों पर सभा, रोड शो, सम्मेलन और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदाताओं से संपर्क साधने की कोशिश किए। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी देवास में सभा को संबोधित किए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंदसौर के गरोठ में आम सभा को संबोधित किए। खास बात यह है कि खरगोन और रतलाम आदिवासी सीटों पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी सभा कर माहौल को कांग्रेस के पक्ष में करने की कोशिश की है।आदिवासी वर्ग को साधने के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने रतलाम और खरगोन में सभा की है। वह यहां की चुनावी हवा का रुख अपनी तरफ कितना कर पाए, यह तो चुनाव परिणामों आने पर पता चलेगा। सूत्रों की माने तो राहुल गांधी के दौरे के चलते इन सीटों पर कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है। जानकारी के लिए बता दें कि इस अंचल की आठ सीटों में रतलाम, धार और खरगोन अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। चौथे चरण के लिए जिन आठ सीटों पर मतदान होने हैं, उसमें देवास, इंदौर, उज्जैन, धार, रतलाम, मंदसौर, खरगोन और खंडवा लोकसभा सीट शामिल है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देवास संसदीय क्षेत्र में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के साथ जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कोई बात करूंगा तो जीतू पटवारी पर मुकदमा करा दिया जाएगा। वो जज है (देवास लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी)। उसकी जज की पोशाक, जज के विचार हैं, वो दिमाग में से ये सब निकालता ही नहीं। जनप्रतिनिधि जनता का नौकर होता है और जज जनता का मालिक। वो मालिक से जनता का सेवक बनना ही नहीं चाहता।