'सनातनियों का जनाजा नहीं अर्थी निकलती है', अमित शाह के जनाजे वाले बयान पर दिग्विजय सिंह का तंज
मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटो में से सबसे चर्चित राजगढ़ लोकसभा सीट बीते दिनो केंद्रीय मंत्री अमित शाह के जनाजे वाले बयान के बाद से और अधिक हॉट मानी जा रही है। क्योंकि एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अकेले ही स्टार प्रचारक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में देश व प्रदेश स्तर के नेता चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं।आपको बता दें, राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने आए देश व प्रदेश स्तर के नेताओं ने राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकराने को लेकर दिग्विजय सिंह को जमकर घेरा है और भाजपा के बड़े नेताओं ने कभी उन्हें आतंकवादियों को गले लगाने वाला और रामद्रोही जैसे शब्द से भी संबोधित किया है, जिनके जवाब में दिग्विजय सिंह पूर्व में ही चुनाव आयोग व कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा चुके हैं।वहीं, बीते दिनों खिलचीपुर में भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए आए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने तो उन्हें भारी मतों से हराकर उनका जनाजा धूमधाम से निकालने की बात तक कह डाली। अमित शाह का यह बयान राष्ट्रीय स्तर तक की सुर्खियां बना और विपक्ष की ओर से भी पलटवार का सिलसिला जारी है।