मजदूरों के 107 करोड़ नहीं दे रहे शुगर मिल मालिक, कांग्रेस इंटक ने ज्ञापन देकर मनाया मजदूर दिवस
सीहोर में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक और जिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को देकर जिला कांग्रेस कार्यालय में मजदूर दिवस मनाया। इंटक ने अवैधानिक रूप से बंद शुगर मिल मालिक से श्रमिकों का बकाया 107 करोड़ रुपये वेतन दिलाने के साथ बेची गई चल-अचल सम्पत्तियों की जांच कराने उचित एवं त्वरित कार्रवाई कराने, बाहुबलियों व दबंग एवं राजनेताओं के द्वारा किए गए सीलिंग की जमीन से कब्जे हटवाए जाने और बीएसआई लिमिटेड एवं उसकी इकाइयों के समस्त कर्मचारियों एवं मजदूरों को पांच एकड़ जमीन बटन किए जाने की मांग शासन प्रशासन से की।राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक ने मजदूरों के साथ कलेक्टर को दिए ज्ञापन में कहा कि शुगर मिल प्रबन्धन ने 14 बैंक से 150 करोड़ कर्जा लेकर फरार है और म.प्र. शासन से भी ड्रिप सिंचाई के नाम पर 80 लाख सब्सिडी फर्जी केस बनाकर प्राप्त कर चुका है। छह करोड़ का केन्द्रीय गन्ना विकास लोन प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज कर हड़प गया है, जिसकी जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो ने शासकीय राशि एवं बैंक लोन की हेरा फेरी करने का केस मिल मालिकों सहित संचालक कृषि मप्र एवं तत्कालीन बैंक मैनेजरों पर भोपाल न्यायालय में रजिस्टर्ड कर रखा है, जिसे पैसे के दम पर और प्रभाव डलवाकर केस पेंडिंग करा रखा है। वारंटी मिल मालिक को गिरफ्तार तक नहीं किया जा रहा है।