दिग्विजय का पलटवार, मोहन यादव और वीडी शर्मा के खिलाफ पुलिस को दिया आवेदन
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने राजगढ़ कोतवाली थाने में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ लिखित शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया है। साथ ही दोनों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह का कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन आया है। उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा। 15 अप्रैल को राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर का नामांकन दाखिल कराने मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा राजगढ़ आए थे। इस दौरान उन्होंने राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को रामद्रोही और आतंकवादियों के गले लगाने वाला बताया था। इसके संबंध में 16 अप्रैल को अपने नामांकन के दौरान वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए वीडियो उपलब्ध कराने और एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी।