महापौर और उपमहापौर का चुनाव कब होगा? जानें किस दिन बुलाई गई है सदन की बैठक
दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 26 अप्रैल को होगा। चुनाव के लिए 26 अप्रैल को निगम सदन की बैठक बुलाई गई है।एमसीडी का कार्यकाल पांच साल के लिए होता है, लेकिन मेयर का कार्यकाल एक साल का होता है। हर साल एक अप्रैल को एमसीडी का वित्तीय वर्ष शुरू होने के साथ शुरू होता है और 31 मार्च को पूरा होता है। दिल्ली नगर निगम अधिनियम यह भी निर्धारित करता है कि पहले साल में मेयर के रूप में एक महिला, दूसरे में सामान्य और तीसरे साल में एक अनुसूचित जाति के सदस्य का चुनाव करना होता है। मौजूदा वित्त वर्ष में अनुसूचित जाति का मेयर चुना जाना है। मौजूदा समय मेयर डॉक्टर शैली ओबरॉय का कार्यकाल पूरा हो गया है। लेकिन डीएमसी अधिनियम के मुताबिक दिल्ली को जब तक अगला मेयर नहीं चुना जाता, मेयर का कार्यभार वही संभालेंगी। चुनाव की तारीख तय हो जाने पर निगम सचिव कार्यालय मेयर पद के लिए नामांकन करने के लिए 10 दिन का समय देगा।प्रत्याशियों को नामांकन करने के लिए 10 दिन का समय मिलेगा। प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद मेयर चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारी नामित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। एमसीडी के 250 पार्षदों में से किसी एक पार्षद को पीठासीन अधिकारी नामित करने की शक्ति एलजी के पास है। इसमें नियम ये है कि पीठासीन अधिकारी मेयर पद का प्रत्याशी नहीं होना चाहिए। इसके अलावा नियम में एक परंपरा ये भी रही है कि जो भी इसके पहले मेयर होता है, वो ही पीठासीन अधिकारी बना दिया जाता है। लेकिन ये निर्णय लेने का अधिकार एलजी के पास है।
दिल्ली नगर निगम अधिनियम की धारा 35 के मुताबिक एमसीडी को हर एक वित्तीय वर्ष की पहली बैठक में मेयर का चुनाव कराना होता है। सदन में स्पष्ट बहुमत वाली पार्टी पार्षद का नाम मेयर पद के लिए मनोनीत कर सकती है। लेकिन, यदि कोई विपक्षी दल फैसले का विरोध करता है और अपने उम्मीदवार को नामांकित करता है, तो मेयर का चुनाव होता है। लेकिन सदन में यदि केवल एक ही उम्मीदवार होता है, तो उन्हें मेयर नियुक्त किया जाता है। यहां एक विशेषता है कि निगम चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है, इसलिए कोई भी पार्षद किसी भी उम्मीदवार को वोट दे सकता है। एमसीडी में आम आदमी पार्टी के पास बहुमत है।
महापौर और उपमहापौर चुनाव के लिए वोटिंग का अधिकार
250 निर्वाचित पार्षद
7 लोकसभा सांसद
3 राज्यसभा सदस्य
14 विधायक
किसके पास हैं कितने सदस्य
आम आदमी पार्टी : 134 व 1 निर्दलीय
राज्यसभा सदस्य: 3
विधायक: 13
भाजपा : 104 व 1 निर्दलीय
सांसद : 7
विधायक : 1
मनोनीत सदस्य : 10
कांग्रेस : 9
निर्दलीय: 1