खजुराहो में विष्णु बनाम प्रजापति में जंग के आसार - सतना में नारायण की बल्ले -बल्ले
लोकसभा चुनाव के रण में राजनीतिक पार्टियों जुट गई हैं। प्रथम चरण के बाद द्वितीय चरण की सात सीटों पर 88 प्रत्याशी मैदान में हैं। सोमवार को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख को पांच अभ्यर्थियों ने अपना नाम निर्देशन पत्र वापस लिया। इन सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण की दो लोकसभा सीटों सतना व खजुराहो पर चुनाव रोचक हो गया है। सतना में भाजपा के गणेश सिंह की राह में बसपा के नारायण त्रिपाठी रोड़ा बन सकते हैं तो खजुराहो में लगभग वॉकओवर के बावजूद पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त त्रिपाठी के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं, बशर्ते इंडिया गठबंधन उन्हें अपना समर्थन दे दे।
सतना में त्रिकोणीय मुकाबला
सतना संसदीय सीट पर भाजपा ने फिर मौजूदा सांसद गणेश सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। वे विधानसभा चुनाव में हार गए थे। वहीं, कांग्रेस ने सिद्धार्थ कुशवाह को प्रत्याशी बनाया है। कुशवाह ने ही गणेश सिंह को सतना से चुनाव हराया था। वहीं, इस सीट पर पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने बसपा से नामांकन भर कर मुकाबला रोचक बना दिया है। 2018 में नारायण त्रिपाठी भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते थे, लेकिन 2023 का विधानसभा चुनाव उन्होंने अपनी अलग पार्टी बनाकर लड़ा। हालांकि, उनको सफलता नहीं मिल पाई। नारायण त्रिपाठी भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के लिए मुश्किल बन सकते हैं। सतना में सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, दूसरी संसदीय सीट खजुराहो में इंडिया गठबंधन की तरफ से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त हो गया है। यहां पर 14 अभ्यर्थी मैदान में हैं। अब मुख्य पार्टियों में भाजपा के विष्णुदत्त शर्मा ही अकेले प्रत्याशी बचे हैं। हालांकि, ऑल इंडिया फॉरवर्ड पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरबी प्रजापति ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से रविवार को मुलाकात की थी। यदि इंडिया गठबंधन प्रजापति को समर्थन देता है तो खजुराहो में विष्णु बनाम प्रजापति के बीच मुकाबला हो सकता है।