गेहूं चोरी के शक में ड्राइवर-क्लीनर से हैवानियत, मैनेजर ने पीटा; सिर पर जूते मरवाए और रगड़वाई नाक
उज्जैन जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ड्राइवर और क्लीनर को गालियां देते हुए मारपीट कर रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहा। जमकर मारपीट करने के बाद भी आरोपी युवक का मन नहीं भरता तो उसने ड्राइवर और क्लीनर से उन्हीं के जूते खुद के सिर पर मरवाए और फिर नाक भी रगड़वाई है। 3 मिनट 11 सेकंड के इस वीडियो में ड्राइवर और क्लीनर के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं, जबकि ड्रायवर और क्लीनर बार-बार अपनी गलती की माफी मांगते सुनाई दे रहे हैं। घटना नीलगंगा थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार विदिशा के रहने वाला नितेश पिता रामबाबू धाकड़ माहेश्वरी ट्रांसपोर्ट पर ड्रायवरी का काम करता है। ट्रांसपोर्ट कंपनी का कार्यालय जीवनखेड़ी में है। कुछ दिन पहले वह गेहूं लेकर गया था, जिसमें से 1 क्विंटल गेहूं बेचने की शंका ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर उत्तम दांगी को थी।