कमल नाथ के खिलाफ कार्रवाई करने से भाजपा को रोका किसने हैं: जयवर्धन
ग्वालियर . कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने पर पलटवार करते हुए कहा कि कार्रवाई करने से उन्हें रोका किसने हैं। प्रदेश व केंद्र में उनकी सरकार है। भाजपा काफी समय से कमल नाथ व उनके परिवार को घेरने का प्रयास कर रही है, किंतु सफल नहीं हुई है। छिंदवाडा में एक बार फिर कांग्रेस की प्रचंड जीत को देखते हुए भाजपा नेता भयभीत है।
उन्होंने दावा किया कि ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस के पक्ष में माहौल नजर आ रहा है। लंबे समय बाद मुरैना व ग्वालियर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत की प्रबल संभावना है। जयवर्धन ने कहा कि मैं स्वयं भी तीन चुनाव ईवीएम से जीता हूं। ईवीएम हैक किए जाने से इनकार नहीं किया जा सकता है। हम लोग चुनाव बैलेट से कराने की मांग कर रहे हैं। भाजपा में गए कांग्रेसियों को समझ में आ गया है कि भाजपा में उनका कोई सम्मान नहीं है। भाजपाई उन्हें कचरा बता रहे हैं और फिर इमरती देवी, रघुराज कंषाना व मुन्नालाल गोयल की भाजपा में जाने के बाद क्या स्थिति है। यह किसी से छिपी नहीं है।