Home > अपना शहर ,
राज्य स्तरीय किसान मेला एवं पशु प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

ग्वालियर व्यापार मेले में आयोजित राज्य स्तरीय किसान मेला एवं पशु प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव के मुख्य आतिथ्य एवं विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा श्री आर सी रायकवार, मेला सचिव श्री शैलेन्द्र मिश्रा उपस्थित थे। पुरस्कार वितरण समारोह में पशु मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उप विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

      कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव ने कहा कि ग्वालियर का पशु मेला बहुत ही पुराना और प्रसिद्ध मेला है। इस मेले में ग्वालियर चंबल संभाग के साथ ही प्रदेश भर के पशुपालक अपने-अपने पशुओं को लाते हैं। मेले में पशुओं की प्रतियोगिताओं के साथ पशुओं का क्रय विक्रय भी होता है। उन्होंने कहा कि पशु मेले में जिन पशुपालकों को पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, उन्हें बधाई। जिन पशुपालकों को पुरस्कार नहीं मिल पाए हैं, वे अगले वर्ष और तैयारी के साथ प्रतियोगिताओं के लिये अपने पशुओं को लेकर आएँ।

      कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री राकेश जादौन ने कहा कि पशुपालन हमारे किसानों के लिये उन्नति का मार्ग हमेशा से रहा है। खेती किसानी के साथ जो किसान पशुपालन करते हैं, वे अपनी आय को तेजी से बढ़ा पाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले पशुपालन किसानों की सम्पन्नता का प्रतीक माना जाता था। परंतु आधुनिक युग में पशुपालन में कमी आई है। किसानों को खेती किसानी के साथ ही पशुपालन पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। श्री जादौन ने ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण की आय को बढ़ाने के लिये किए गए प्रयासों के लिये प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला को और उनकी टीम को बधाई दी।

      कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार ने कहा कि अच्छी नस्ल के पशु पालने से पशुपालकों की आय में वृद्धि होती है। ग्वालियर चंबल संभाग में अच्छे पशु पालन की परंपरा है। खेती किसानी और पशुपालन लोगों की सम्पन्नता का प्रतीक पूर्व से ही रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में विजयी रहे प्रतिभागियों को बधाई दी।

      कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा राजा-रानी पशु का चयन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा श्री रायकवार ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि किसान मेला एवं पशु प्रतियोगिता में 03 जनवरी को गौ वंशीय प्रतियोगितायें आयोजित हुईं।  04 जनवरी को भैंस वंशीय प्रतियोगितायें तथा 05 जनवरी को कृषक एवं पशु पालक संगोष्ठी तथा बकरा-बकरी प्रतियोगितायें हुई।  06 जनवरी को प्रात: 9 बजे डॉग शो और सर्वोत्तम पशु (राजा-रानी) का चयन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन उपसंचालक श्री ओ पी त्रिपाठी ने किया।

Share This News :