Home > अपना शहर ,
कमिश्नर श्री रूपला ने माधव डिस्पेंसरी सहित मेडीकल स्टोर का किया निरीक्षण

अनुपस्थित पाए गए डॉ. सुनील अग्रवाल के खिलाफ होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही  

शासन की अनुमोदित सूची से बाहर की दवाई लिखने पर तीन चिकित्सकों को

कारण बताओ नोटिस जारी 

निरीक्षण के दौरान अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित पाए गए एसोसिएट डॉ. सुनील अग्रवाल के खिलाफ संभागीय कमिश्नर श्री एस एन रूपला ने अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा को दिए हैं। माधव डिस्पेंसरी के ओपीडी मरीजों को वितरित होने वाले मेडीकल स्टोर का निरीक्षण करने पर मरीजों के गुलाबी रंग के पर्चों पर राज्य शासन की 35 अनुमोदित दवाईयों की सूची से बाहर की दवाईयाँ लिखने पर तीन चिकित्सक डॉ. संदीप ठाकरे, डॉ. प्रीति शर्मा और डॉ. पवन शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एडीएम श्री वर्मा को दिए हैं।

      कमिश्नर श्री रूपला शुक्रवार को पूर्वान्ह 10.30 बजे माधव डिस्पेंसरी (ओपीडी) एवं मेडीकल स्टोर का निरीक्षण करने पहुँचे थे। कमिश्नर के साथ अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा, गजराराजा मेडीकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. एस एन अयंगर, जेएएच समूह के अधीक्षक एवं संयुक्त संचालक डॉ. जे एस सिकरवार कोष एवं लेखा के संयुक्त संचालक श्री आर के प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

      कमिश्नर श्री रूपला जैसे ही माधव डिस्पेंसरी पहुँचे, वैसे ही उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति मालूम करने के लिये उनके कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील अग्रवाल अपने कक्ष से अनुपस्थित पाए गए, इसके बाबजूद दोपहर 12.30 बजे तक भी डॉ. अग्रवाल के उपस्थित नहीं होने पर कमिश्नर श्री रूपला ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का निर्णय लिया। दोपहर एक बजे के बाद जब कमिश्नर निरीक्षण के पश्चात जाने लगे तब डॉ. अग्रवाल कमिश्नर के समक्ष उपस्थित हो गए।

      कमिश्नर श्री रूपला ने माधव डिस्पेंसरी के ओपीडी मरीजों को वितरित होने वाले मेडीकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री रूपला ने मरीज श्रीमती ममता पत्नी रामदीन, मरीज श्रीमती मेवादेवी पत्नी रामनिवास सहित अन्य मरीजों के गुलाबी रंग की पर्ची पर लिखी दवाईयों के संबंध में जब स्टोर कीपर से पूछताछ की तो पाया कि चिकित्सक डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. पवन सिंघल, डॉ. संदीप ठाकरे द्वारा लिखी गई दवाईयाँ जो राज्य शासन की 35 दवाईयों की अनुमोदित सूची से बाहर की दवाईयाँ हैं। इस पर कमिश्नर ने गजराराजा मेडीकल कॉलेज के अधिष्ठाता के समक्ष ही डॉ. प्रीति शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों को बुलाकर सूची से बाहर की दवाईयाँ लिखने का कारण पूछा तो चिकित्सक जवाब नहीं दे सके। इस पर कमिश्नर ने तीनों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर ने मरीजों से भी चर्चा करके उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की।

सेंट्रल मेडीसिन स्टोर का निरीक्षण कोष एवं लेखा से कराने के दिए निर्देश

      निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री रूपला ने चिकित्सा परिसर में ही मौजूद सेंट्रल मेडीसिन स्टोर का निरीक्षण संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा से कराने का निर्णय लिया। कमिश्नर श्री रूपला ने कोष एवं लेखा के संयुक्त संचालक श्री आर के प्रजापति को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण स्टोर में मौजूदा दवाईयों का निरीक्षण पूरी गंभीरता के साथ दल बनाकर किया जाए। उन्होंने संयुक्त संचालक से कहा कि स्टोर से प्रतिदिन दवाईयाँ वितरण की स्थिति क्या है, जो दवाईयाँ खत्म हो रही हैं, उनको मांगने की प्रक्रिया क्या है ? दवाईयों का स्टॉक रजिस्टर अनुसार दवाईयाँ हैं अथवा नहीं, एक्सपायरी दवाईयों के डिस्पोजल की प्रक्रिया क्या है, आदि का बिन्दुवार निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

निरीक्षण दल में यह रहेंगे शामिल

      मेडीसिन स्टोर के निरीक्षण संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा के नेतृत्व में किया जायेगा। दल में संयुक्त संचालक श्री आर के प्रजापति स्वयं रहेंगे। इसके अलावा सहायक संचालक श्री एल एस अलपुरिया, सहायक संचालक श्री हरीनाथ मिश्रा, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक श्री भूपेन्द्र शंखवार और श्री दिनेश खण्डेलवाल दल में रहेंगे।

कमिश्नर ने ट्रॉमा सेंटर का भी निरीक्षण किया

      कमिश्नर श्री रूपला ने माधव डिस्पेंसरी से लगे ट्रॉमा सेंटर का भी निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से चर्चा करके उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। मौके पर सर्जन डॉ. समीर गुप्ता ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सीय सुविधाओं के विस्तार होने के फलस्वरूप पिछले नवम्बर माह में ही 190 शल्य चिकित्सा की गई है। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व प्रतिमाह 50 से 60 मरीजों के ही ऑपरेशन हो पाते थे। मौके पर कमिश्नर ने चिकित्सकीय उपकरणों और आईसीयू तथा केजुअल्टी वार्ड का भी निरीक्षण किया।

  

Share This News :