इसलिए जारी नहीं हो सकी कांग्रेस की लिस्ट
पहले चरण में शामिल छह लोकसभा सीटों के लिए बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। कांग्रेस अभी इन सीटों में से तीन के प्रत्याशी ही घोषित नहीं कर पाई है। मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशी चयन पर अंतिम निर्णय होना था पर यह नहीं हो पाई।कांग्रेस नेताओं में प्रत्याशी चयन को लेकर सहमति नहीं बन पाई है|इस कारण उम्मीदवारों का चयन नहीं हो पा रहा है |कांग्रेस के कुछ नेता अपने पट्ठों के लिए टिकिट चाहते हैं |भले ही वह चुनाव में जमानत भी नहीं बचा पाएं | इससे जिताऊ उम्मीदवार टिकिट की दौड़ से बहार हो जायेंगे | कांग्रेस की गुटबाजी भी एक बड़ा कारण है |अब गुरुवार को बैठक प्रस्तावित की गई है, जिसमें प्रत्याशियों के नाम तय कर घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बैठक के लिए पूरी तैयारी कर ली थी। पिछले एक सप्ताह से वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर अधिकतर सीटों पर एक नाम तय किए हैं। इन पर अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति को लेना है, जिसके लिए मंगलवार को बैठक प्रस्तावित थी। सूत्रों का कहना है कि कुछ सीटों पर विधायक तो कुछ पर पूर्व विधायकों को लड़ाने की तैयारी है।
इनमें पहले चरण की बालाघाट, जबलपुर और शहडोल सीट भी शामिल है। यहां पार्टी के उम्मीदवार को नामांकन जमा करने के लिए केवल चार दिन मिलेंगे क्योंकि बुधवार से नामांकन जमा होने प्रारंभ हो जाएंगे। गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी घोषित करेगी तो इन्हें शुक्रवार, शनिवार, मंगलवार और बुधवार ही नामांकन जमा करने के लिए मिलेंगे। 24 और 25 मार्च को अवकाश होने के कारण नामांकन जमा नहीं होंगे।