दो सगे भाइयों की हत्या, मुठभेड़ में मार गिराया गया मुख्य आरोपी; शहर में बवाल, फोर्स तैनात
यूपी के बदायूं की बाबा कॉलोनी में मंडी समिति पुलिस चौकी से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर मंगलवार रात करीब आठ बजे ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बालकों आयुष (13), अहान उर्फ हनी (06) की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। तीसरा बेटा पीयूष (8) मामूली घायल हुआ है। उसे अस्पताल ले जाया गया। आरोपी दूसरे समुदाय के हैं। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मुख्य आरोपी साजिद पुलिस मुठभेड़ मारा गया है। वहीं दो आरोपी भागे हैं। विनोद की पत्नी संगीता और तीनों बच्चे घर पर थे। विनोद के घर के सामने ही अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू निवासी साजिद की बाल की काटने की दुकान है। संगीता अपने घर पर नीचे ब्यूटी पार्लर चलाती है। साजिद शाम चार बजे अपनी दुकान बंद करके चला गया था। रात आठ बजे साजिद अपने दो साथियों के साथ आया तो संगीता उसके लिए चाय बनाने अंदर को चली गई तब तक साजिद और उसके साथ के घर की तीसरी मंजिल की ओर चले गए। इतने में साजिद दो बच्चों आयुष और अहान को अपने साथ ऊपर ले गया। पीयूष से कहा कि पानी लेकर ऊपर आना है। जब तक वह पानी लेकर ऊपर पहुंचा साजिद ने धारदार हथियार से दो बच्चों की हत्या कर दी। तीसरे पीयूष पर चाकू से वार किया। वह चीखता हुआ नीचे आया।