Home > राज्यो से ,
ज्योतिरादित्य ने उमा भारती को बताया अपनी बुआ

गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी बनाए गए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी क्रम में शिवपुरी जिले के खनियांधाना व पिछोर में अपने दौरे के दौरान सिंधिया ने पूर्व सीएम उमा भारती को अपनी बुआ बताया है। पिछोर व खनियांधाना के दौरे के दौरान सिंधिया ने मंच से कहा कि उमा भारती उनकी बुआ हैं और उनका आशीर्वाद और स्नेह मुझे हमेशा मिलता रहा है।सिंधिया ने मंच से कहा कि उनकी आजी अम्मा (स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया) ने उमा भारती को बेटी की तरह प्यार दुलार देकर उनका पालन पोषण महल में किया। बाद में वह मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी और केंद्र में मंत्री भी बनीं। मैं अपना सौभाग्य मानता हूं कि उनका प्यार और दुलार मुझे मिला। इस तरह से रिश्ते में वह मेरी बुआ हुई तो मैं उनका भतीजा हुआ। शिवपुरी जिले के पिछोर-खनियांधाना में अपने दौरे के दौरान सिंधिया ने कई कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरे के दौरान सिंधिया ने इस लोधी बाहुल्य क्षेत्र में उमा भारती की जमकर तारीफ की।

गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी है। कारण यह है कि उन्हें वर्ष 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर इस लोकसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार ज्योतिरादित्य हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहे हैं। पिछोर खनियांधाना के अपने दौरे के दौरान ज्योतिरादित्य की लोधी वोट बैंक पर नजर है। कारण यह है कि शिवपुरी जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोधी वोट हैं। इसके अलावा पूरे संसदीय क्षेत्र में देखा जाए तो दो लाख से अधिक लोधी वोट हैं और उमा भारती की तारीफ करके सिंधिया ने इस लोधी वोट बैंक पर भी अपनी नजरें लगाई हैं, ताकि उन्हें लोकसभा चुनाव के दौरान इस लोधी समाज का अच्छा खासा समर्थन मिल सके।
 


 
 
 
 
 
 

Share This News :