Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान चल रहा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर के श्रीनगर से पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजना के अंतर्गत 9 परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण किया। इसमें मध्यप्रदेश में 118 करोड़ 72 लाख की कुल लागत की स्वदेश दर्शन 2.0 में ग्वालियर और चित्रकूट एवं प्रसाद योजना में अमरकंटक और पीतांबरा पीठ मंदिर दतिया का विकास कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में चित्रकूट से शामिल हुए। उन्होंने चित्रकूट के समन्वित विकास और उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत क्षेत्र में समन्वय स्थापित कर चित्रकूट के समग्र विकास के लिए चित्रकूट विकास प्राधिकरण के गठन की घोषणा की।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि स्वदेश दर्शन के तहत आज 6 परियोजनाएं देश को समर्पित की गई। इसके साथ ही स्वदेश दर्शन 2.0 का शुभारंभ और जम्मू कश्मीर सहित देश के अन्य स्थलों की 30 परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। इसी तरह प्रसाद योजना में तीन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। सरकार ने 40 से ज्यादा स्थलों की पहचान की है, जिन्हें अगले 2 वर्षों में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जन भागीदारी से पर्यटन स्थलों का चयन और विकास किया जाएगा। इसके लिए "देखो अपना देश-पीपुल्स चॉइस अभियान" लॉन्च किया गया है। पीपुल्स चॉइस में अग्रणी सूची में आने वाले स्थलों का पर्यटन स्थलों के रूप में विकास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से आग्रह करते हुए कहा कि आप सभी का दायित्व है कि विदेश में रहने वाले कम से कम 5 परिवारों को भारत आने के लिए आमंत्रित करें। इसके लिए "चलो इंडिया अभियान" शुरू हो रहा है। इस अभियान में वेबसाइट से प्रवासी भारतीयों और अन्य नागरिकों को भारत आने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में भ्रमण करने वाले पर्यटकों से आग्रह किया कि अपनी यात्रा के बजट में से कम से कम 5 प्रतिशत राशि से स्थानीय बाजार से वस्तुएं खरीदे। आपके इस योगदान से उस क्षेत्र में पर्यटन उद्योगों का विकास होगा। साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

  चित्रकूट में आरंभ होगा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अनुष्ठान चल रहा है। हमें हमारी सनातन संस्कृति पर गर्व है। मध्य प्रदेश की धरती पर जहाँ-जहाँ प्रभु श्री राम और श्री कृष्ण के चरण पड़े हैं, उन सभी स्थानों को आदर्श तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में चित्रकूट से शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभव परियोजना के वर्चुअली लाँचिग तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति को प्रभु श्री राम और भगवान श्री कृष्ण से पृथक कर नहीं देखा जा सकता। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या से अरब तक सनातन संस्कृति का परचम लहरा रहा है। दुबई में भी भव्य मंदिर स्थापित हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने श्रीनगर की कीर्ति को पुनः स्थापित किया है। धारा 370 हटाकर भारतीयों  के आत्म सम्मान और हम सब के गौरव को विश्व में बढ़ाया है। चित्रकूट में भगवान श्री राम के चरण पड़े अतः चित्रकूट हमारे लिये श्रीनगर के समान महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन सांस्कृतिक वैभव और बौद्धिक गतिविधियों के केंद्र रहे कश्मीर ने काल के प्रवाह में पराभव को भोगा। सम्राट विक्रमादित्य के समय वैभवशाली कश्मीर के कई विद्वान उज्जयनी पधारे।

दतिया में इस योजना में 52 शक्तिपीठों की जानकारी देने हेतु थीम पार्क, भव्य प्रवेश द्वार प्रस्तावित है। 2 कि.मी के पहॅुच मार्ग में फुटपाथ, प्रतीक्षालय, जनसुविधाओं का विकास एवं सौन्दर्यीकरण प्रस्तावित है। इस परियोजना में पूरे क्षेत्र को श्रद्धालुओं हेतु सुविधाजनक, आकर्षक एवं आध्यात्मिक भाव से परिपूर्ण करने के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लगभग 25 करोड़ रूपये की लागत से विकास कार्यो की परियोजना लाँच की जा रही है।

कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि व विशाल जनसमूह उपस्थित रहा।

Share This News :