Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
चंदेरी के कण-कण में व्याप्त है भारत की संस्कृति - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने, गरीब के इलाज की उच्च स्तरीय व्यवस्था और विकास के हर कार्य करने के हर संभव प्रयास किए जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में विद्यार्थियों की उच्च स्तरीय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिये सौगात देते हुए कहा कि नई सराय और शाढोरा में नए एक्सीलेंस कॉलेज खोले जायेंगे। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्राचीन नगरी चंदेरी के हर एक कोने और पत्थर (कण-कण) में भारत की संस्कृति विद्यमान है। चंदेरी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अशोकनगर के चंदेरी में देश के पहले “क्रॉफ्ट हेण्डलूम टूरिज्म विलेज” के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अद्भुत व्यक्तित्व के कारण भारत की विश्व में एक विशिष्ट पहचान बनी है। भगवान श्रीराम की जय-जयकार हुई है, लेकिन अभी भगवान श्रीकृष्ण की मटकी फूटनी बाकी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने महाकाल मंदिर के पास श्रीमहालोक का निर्माण कर उसे विश्व प्रसिद्ध बनाया है। उनकी प्रेरणा से प्रदेश सरकार सभी देव-स्थानों को भी विकसित करेगी। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी, मुंगावली और अशोकनगर के 301 करोड़ रूपये से अधिक के 42 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इनमें 228 करोड़ रूपये से अधिक के 8 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 72 करोड़ रूपये से अधिक के 34 विकास और जनहित के कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्रालय श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उज्जैन से चंदेरी तक संस्कृत का गौरवशाली इतिहास रहा है। तानसेन की नगरी ग्वालियर है और बैजू बावरा की नगरी चंदेरी है। चंदेरी को मध्यप्रदेश में पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी।  केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने प्राणपुर ग्राम में शटल चौक पर “क्रॉफ्ट हेण्डलूम टूरिज्म विलेज” का भ्रमण किया। उन्होंने प्राणपुर ग्राम में परंपरागत रूप से हैंडलूम कार्य कर रहे परिवारों से चर्चा की। हैंडलूम की विशेषताओं, साड़ी, सूट, कपड़ों की जानकारी लेने के साथ परिवारों का पीढ़ियों से कला का संरक्षण करने के लिए बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Share This News :