Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
आदिवासियों के हितों के लिए गरजे राहुल गांधी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मप्र में पांचवां और आखिरी दिन था। इस दिन यात्रा उज्जैन से धार फिर रतलाम जिले में पहुंचीं। दोनों ही जगह कांग्रेस ने आदिवासियों पर फोकस रखा और भाजपा सरकार पर हमला किया। 

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने बुधवार शाम रतलाम जिले में प्रवेश किया। धार जिले के रतलाम की सीमा से लगे इलाके में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान मोदी-मोदी के नारे लगे। राहुल गांधी की यात्रा रतलाम जिले की सैलाना तहसील के आदिवासी बाहुल्य ग्राम सरवन में रात्रि विश्राम कर गुरुवार 7 मार्च को राजस्थान में प्रवेश करेगी। 

रतलाम में रोड शो के राहुल गांधी ने भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि मोदी सरकार में अंबानी-अडाणी जैसे लोगों की ही जय हो रही है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर अयोध्या में हमारे देश की आदिवासी राष्ट्रपति का नहीं होना भाजपा की विचारधारा को प्रदर्शित करता है। राम मंदिर के उद्घाटन में दलित, आदिवासी, गरीब किसान और किसी मजदूर का चेहरा नहीं दिखा, लेकिन अंबानी-अडाणी, क्रिकेटर और बॉलीवुड स्टार जरूर दिखे।राहुल ने कहा कि हमारी सरकार आने पर किसानों को एमएसपी की लीगल गारंटी देंगे। कानून बना देंगे कि कम से कम इतना पैसा जरूर मिलेगा कि किसानों को नुकसान ना उठाना पड़े। राहुल गांधी ने कहा की आपको रोजगार नहीं मिलता क्योंकि मोदी ने नोट बंदी और जीएसटी लागू कर सारे छोटे बिजनेस को बंद कर दिया। छोटे उद्योग-धंधों में कई लोगों को रोजगार मिलता था लेकिन आज सब बेरोजगार हो गए हैं। केंद्र सरकार दो-तीन अरबपतियों के लिए काम कर रही है। राहुल ने कहा कि हमारी सरकार आने पर सबसे पहला काम जातिगत जनगणना करवाना है। इससे सब पता चल जाएगा कि किसके पास कितना पैसा है। 

राहुल ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की पेंशन भी बंद कर दी। सैनिकों की पेंशन का पैसा अडाणी के अकाउंट में जा रहा है। बीजेपी आपको आदिवासी की बजाय वनवासी कहती हैं। क्योंकि आदिवासी इस देश के असली मालिक हैं। अगर वे आपको आदिवासी कहेंगे तो उन्हें आपको जल, जंगल, जमीन देनी पड़ेगी। हम आपको आदिवासी मानते हैं। इसलिए आपके लिए ट्राइबल बिल लाए। जमीन अधिग्रहण बिल लाए। आपको आपका हक देने का काम किया। राहुल गांधी बोले मुझे किसी ने एक वीडियो भेजा, उसमें भाजपा का एक नेता एक आदिवासी युवा पर पेशाब कर रहा था। मैंने सोचा ये कैसी सोच है, वो वीडियो पूरे देश में वायरल हुआ। ये भाजपा की विचारधारा है। सिर्फ आदिवासी के साथ नहीं, दलितों के साथ, गरीबों के साथ, जहां भी ये कमजोर लोगों का अपमान कर सकते हैं ये करते हैं। धार में आदिवासी हितों पर बोले राहुल
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार दोपहर धार जिले में थी। उज्जैन जिले के बड़नगर से धार जिले के ग्राम ढोलाना से जिले में यात्रा ने प्रवेश किया। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बदनावर की गजानंद नगरी स्थित सभा स्थल पहुंचे। जहां मंच के पीछे बने डोम में उन्होंने मध्य प्रदेश के 37 वर्तमान विधायक एवं 23 पूर्व विधायकों से चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्होंने पिछली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के कारणों को जाना, साथ ही उन्होंने सभी विधायक और पूर्व विधायकों से भाजपा के घोटालों को जनता के बीच लाने और की जान से लोकसभा चुनाव में जुट जाने की बात कही।खरगे ने कहा कि आदिवासी के मुंह पर पेशाब की गई। बाद में उन्होंने घर बुलाकर उस व्यक्ति के पांव धोए, पूजा की। कहा पहले उसे खाने को दो रोजगार दो फिर पांव धो। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश में चार वर्ण रहेंगे तब तक गरीबों का, पिछड़ों का उद्धार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मैं जनगणना के लिए कहते हैं, पर ये भाजपा वाले इसलिए नहीं करने देते क्योंकि इनकी पोल खुल जाएगी। हमारी सरकार आई तो सबसे पहले जातिगत जनगणना की जाएगी। खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2 करोड़ नौकरी, 15 लाख देने, किसानों की आमदनी दोगुनी, किसानों को MSP के मोदी के वादे भी झूठे हैं। मोदी झूठ बोलते हैं। हमारे नेताओं को ईडी-सीबीआई का डर बताता है, भाजपा सरकार ने व्यापमं घोटाला, महाकाल घोटाला सहित कई घोटाले किए हैं और कांग्रेस पर दाग लगते हैं। केंद्र सहित देश में जहां-जहां भाजपा की सरकार मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वहां 8 लाख 50 हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है। 

Share This News :