दिग्विजय समेत इन चेहरों पर दांव लगा सकती है कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश से अब राजस्थान की तरफ रवाना हो गई है। यात्रा से फु्र्सत मिलने के बाद प्रदेश के दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने में जुट गए हैं। फिलहाल कांग्रेस की ओर से गुरुवार को केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि इस बैठक के बाद कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित सूची जारी हो जाएगी। इस बैठक में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़वाने का फैसला हो सकता है। कांग्रेस की चुनाव समिति अगर इसकी मंजूरी देती है, तो दिग्विजय सिंह के साथ-साथ कमलनाथ, नकुलनाथ, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, फूल सिंह बरैया, तरुण भनोत जैसे बड़े चेहरे लोकसभा चुनाव लड़ते नजर आएंगे। कांग्रेस में अगर एमपी के दिग्गज नेताओं के लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर सहमति बन जाती है, तो पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राजगढ़ संसदीय सीट से लोकसभा के उम्मीदवार हो सकते हैं। इस सीट पर दिग्विजय सिंह का दबदबा है। हालांकि बीते दो चुनाव से भाजपा इस सीट पर चुनाव जीत रही है। राघौगढ़ सीट भी इसी संसदीय क्षेत्र में आती है। यहां से दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह विधायक हैं।