वो पांच फैक्टर, जिन पर 24 सीटों पर भाजपा ने तय किए उम्मीदवार, विवादित चेहरों से बनाई दूरी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को 29 में से 24 सीटें घोषित कर दी हैं। इंदौर, उज्जैन, धार, बालाघाट और छिंदवाड़ा को होल्ड कर दिया है। भाजपा ने घोषित प्रत्याशियों पर हारे चेहरों पर दांव लाने के साथ ही हर बड़े दिग्गजों को खुश करने का प्रयास किया है। साथ ही विवादित चेहरों से दूरी बनाई है। जानें यह पांच फैक्टर।
1- हर बड़े दिग्गज को किया खुश- भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक को खुश किया है। शिवराज को विदिशा और ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना-शिवपुरी से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पूर्व सीएम उमा भारती को खुश करने के लिए उनके भतीजे राहुल लोधी को विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी टिकट दिया गया है। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की पसंद का भी ख्याल रखा गया है। ग्वालियर और मुरैना से उनके करीबियों को टिकट दिया गया है।
3- किसानों को भी साधा - पार्टी ने होशंगाबाद से किसान नेता और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले राज्यसभा चुनाव में भी किसानों को साधने के लिए भी बंशीलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया था। वहीं, मध्य प्रदेश के सबसे बड़े किसान नेता शिव कुमार कक्का नर्मदापुरम से ही आते हैं। मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन का असर ना हो इसे उसकी काट के तौर पर देखा जा रहा है।
4- चार महिलाओं को जगह - केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल कुछ ही समय पहले संसद में लेकर आई थी। इसके जरिए चुनावी राजनीति में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होगी। यह नियम अभी लागू नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा ने महिलाओं को प्रतिनिधित्व देकर महिला वोटरों को साधने की कोशिश की है। भाजपा ने शहडोल से हिमाद्री सिंह, भिंड से संध्या राय, रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान और सागर से लता वानखेड़े को टिकट दिया है।
5- मोदी के चेहरे पर चुनाव- मध्य प्रदेश में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने ऐसे चेहरे को मौका दिया है, जो विधानसभा चुनाव में हार गए। उन्हें फिर से मैदान में उतार दिया है। इसमें केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते से लेकर सांसद गणेशसिंह का नाम है। भोपाल उत्तर के उम्मीदवार आलोक शर्मा को भी टिकट दिया गया है। वहीं, विधानसभा चुनाव हारे भरत सिंह कुशवाह को ग्वालियर और राहुल लोधी को दमोह से मौका मिला है। कहा जा रहा है कि मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा जा रहा है। इसलिए हारे चेहरों को भी टिकट दिया गया है।