उज्जैन के व्यापार मेले में मिलेगी 50% छूट , मेला 1 मार्च से 9 अप्रैल तक
उज्जैन में विक्रमोत्सव के तहत लगने वाले व्यापार मेले का प्रदेश सहित देशभर के लोगों को इंतजार है। 1 मार्च से 9 अप्रैल तक लगने वाले इस व्यापार मेले में देशभर की ऑटोमोबाइल कंपनी कार एवं दो पहिया वाहनों की स्टॉल लगाने के लिए बुकिंग हो चुकी है। इस व्यापार मेले में वाहनों के पंजीयन शुल्क पर 50% की छूट दी जाएगी। इस छूट को देखते हुए देश भर के कई लोगों ने अपने वाहन खरीदी की बुकिंग आगे बढ़ा दी है। उज्जैन के व्यापार मेले में कार के नामी ब्रांड मर्सिडीज़, टोयोटा, नेक्सा, हुंडई और महिंद्रा जैसी बड़ी कंपनियां वाहन बिक्री के लिए उज्जैन आ रही हैं। माना जा रहा है कि उज्जैन के ऑटोमोबाइल सेक्टर में ही अरबों रुपए का व्यापार होने का अनुमान है। उज्जैन के इतिहास में पहली बार लगने जा रहे इस व्यापार मेले का देश भर के लोगों को इंतजार है। व्यापार मेले में करीब 182 दुकानें लगाई जा रही हैं।
निगमायुक्त ने देखी व्यापार मेले की तैयारियां
आगामी एक मार्च से विक्रमोत्सव, विक्रम व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में आने वाले व्यापारियों, कम्पनियों, नागरिकों को एक अच्छी व्यवस्था मिले, इस हेतु आपको जो दायित्व दिए गए हैं, उसका पूर्ण रूप से निर्वहन करते हुए मेले की व्यवस्थाओं एवं तैयारी का ध्यान रखें। सभी अधिकारी विशेष प्रयास करें कि मेले की व्यवस्थाओं में कही कोई कमी ना रहे। यह बात निगम आयुक्त आशीष पाठक ने विक्रम व्यापार मेले आयोजन स्थल दशहरा मैदान एवं पीजीबीटी मैदान के निरीक्षण के समय निगम अधिकारियों से कही।