Home > अपना शहर ,
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर द्वारा “अर्पणम आनंद” केन्द्र का शुभारंभ

त्याग हमें आनंद की अनुभूति कराता है – केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर 

केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि आनंद आंतरिक सुख है। इसे महसूस किया जा सकता है। निस्वार्थ भाव से किया गया त्याग हमें आनंद की अनुभूति कराता है। उन्होंने कहा कि दूसरों को वस्तु या सहयोग जिसकी लेने वाले को आवश्यकता हो उसे देने से हमें जो आनंद प्राप्त होता है वह भौतिक सुख सुविधाओं से नहीं हो सकता। उन्होंने यह बात ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा रोडवेज बस स्टेण्ड पर नगर निगम द्वारा संचालित रेन बसेरे में आनंद महोत्सव के अंतर्गत बनाए गए “अर्पणम आनंद” केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की सलाह भी दी।

      कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि किसी चीज का हमारे लिये अब कोई मोल न हो लेकिन हो सकता है वह वस्तु किसी के जीवन की जरूरत को पूरा कर उसे आनंद की अनुभूति करा सकती है। उसकी दुआओं से अपको भी ईश्वर आनंदित कर सकता है। इसी भाव से मध्यप्रदेश के मुखिया श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा नगरवासियों को यह अवसर प्रदान किया है कि वे इस आनंद के सहभागी बन सकें।

      इसी कड़ी में आनंद विभाग के नोडल अधिकारी एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि प्रशासन द्वारा शहर में 15 स्थानों पर “अर्पणम-आनंद” केन्द्र विकसित किए जा रहे हैं। जिनमें क्षेत्रीय नागरिक अपने घरों पर उनके लिये अनुपयोगी हो चुकी घरेलू सामग्री, कपड़े, जूते, बच्चों के खिलौने, बर्तन आदि सामग्री स्वेच्छा से रखवा सकते हैं। इन केन्द्रों पर जरूरतमंद गरीब व्यक्ति जाकर अपने उपयोग की वस्तु ले जा सकेंगे। इस प्रयोग के शुभारंभ में रेनबसेरा, बस स्टेण्ड, तहसील परिसर गोरखी, हजीरा क्षेत्र, मुरार क्षेत्र, गोला का मंदिर क्षेत्र में प्रारंभ किया जा रहा है। इसके बाद स्थानीय लोगों की माँग और जरूरत को ध्यान में रखकर इन केन्द्रों को बढ़ाया भी जा सकता है।

      इस अवसर पर मध्यप्रदेश कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुंशीलाल, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर, संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष व नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी भी मौजूद थे।

कलेक्टर ने की नागरिकों से सहयोग की अपील

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित “आनंदम” के तहत पंजीकरण करा चुके स्वयंसेवियों से अपील की है कि वह लोग इस मैसेज को घर-घर और व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुँचाकर पुनीत कार्य में सहभागी बनें और आनंद की अनुभूति करें।

  

Share This News :