निर्विरोध होगा राज्यसभा का निर्वाचन, भाजपा से चार, कांग्रेस से एक प्रत्याशी
भाजपा ने मध्य प्रदेश के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य की कुल पांच सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसमें भाजपा की चार और कांग्रेस की एक सीट पर जीत पक्की है। भाजपा ने डॉ. एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। कोई अतिरिक्त उम्मीदवार न होने से यह स्पष्ट है कि चुनाव निर्विरोध होंगे।
कांग्रेस ने अशोक सिंह पर जताया भरोसा
कांग्रेस ने भी मध्य प्रदेश समेत तीन राज्यों की छह राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश से अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक से अजय माकन, डॉ. सैयद नासिर हुसैन, जीसी चंद्रशेखर को और तेलंगाना से रेणुका चौधरी व अनिल कुमार यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके साथ ही उन अटकलों पर विराम लग गया, जिसमें कहा जा रहा था कि कमलनाथ मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे। दरअसल, कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया था कि सोनिया गांधी मध्य प्रदेश से नामांकन दाखिल करें। इसके बजाय सोनिया ने राजस्थान को चुना और मंगलवार को वहां से नामांकन दाखिल किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। ग्वालियर के रहने वाले अशोक सिंह यादव समाज से आते हैं।