ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, कलेक्टर से लिपट रो पड़ा किसान
कटनी/बहोरीबंद। अचानक से बदले मौसम के बीच जमकर हुई ओलावृष्टि ने सुबह चार बजे लोगों को जगा दिया। किसानों की नींद भी फसलों के नुकसान की आशंका से उड़ गई। सबेरा होते ही जहां किसान खेतों में नुकसान देखने पहुंचे तो वहीं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी किसानों के नुकसान का आंकलन करने पहुंचे। बहोरीबंद क्षेत्र में जब कलेक्टर जुझारी गांव पहुंचे तो तीन एकड़ की खराब फसल से चिंतित एक किसान मथुरा यादव अपने आंसू नहीं रोक पाया। कलेक्टर ने उसे गले लगाया और आश्वासन दिया कि नुकसान का आंकलन कराया जाएगा व प्रशासन पूरी मदद करेगा।शहरी क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गिरे ओलों का आकार चने से लेकर छोटे आंवले के बराबर तक रहा। 10 से 15 मिनट गिरे ओले सड़कों और लोगों के छतों में बिछ गए। टीन शेड और छतों में गिरे बड़े बड़े ओलों की आवाज से लोग जाग उठे। कई स्थानों पर घरों के सामने खड़ी कारों के शीशे चटक गए तो पेड़ों के पत्ते ओलों की बारिश से झड़ गए और सुबह पूरे शहर में पेड़ों से गिरे पत्ते फैले रहे।