Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
किसानों ने ट्रैक्टरों से हटाए सीमेंट के बैरिकेड, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

पंजाब के किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, एमएसपी पर गारंटी, लखीमपुर खीरी हादसे पर सख्त कार्रवाई करने जैसी कई मांगों पर अड़े हैं। उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए हरियाणा में सुरक्षा के काफी कड़े इंतजाम हैं। हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा पार करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों ने अपने ट्रैक्टरों से सीमेंट के बैरिकेड को जबरन हटा दिया है।शंभू बॉर्डर पर दोबारा आंसू गैस के गोले दागे गए हैं। 300 मीटर की दूरी तक आंसू गैस की मार हो रही है। शंभू बॉर्डर से किसानों को हिरासत में लिया जा रहा है।फतेहगढ़ साहिब के गांव लटोर में क्रांतिकारी किसान यूनियन किसानों के लिए लंगर पानी का प्रबंध कर रही है। 

किसानों की मांगें माने सरकार-दीपेंद्र हुड्डा

किसानों के मार्च पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार को किसानों के साथ हुए समझौते का पालन करना चाहिए। किसानों की एमएसपी की मांग वैध है। वहीं हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जहां तक किसानों की मांगों का सवाल है तो केंद्र सरकार को तुरंत किसानों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी बात माननी चाहिए। 

किसानों के साथ आई पंजाब कांग्रेस 

पंजाब कांग्रेस ने आंदोलनकारी किसानों का समर्थन किया है। साथ ही किसानों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए 82838-35469 नंबर भी जारी किया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि 1967 में एमएसपी लाने वाली इंदिरा गांधी और कांग्रेस सरकार थी। किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये का ऋण हमने माफ किया था, उस समय देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे... हमने पंजाब के 5.5 लाख किसानों का ऋण माफ किया और बिना केंद्र सरकार की मदद के... पंजाब की सरकारों ने ये किया... हमने कभी किसी किसान के ऊपर मुकदमा नहीं किया।

Share This News :