Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया ने सांसद केपी यादव के भाई को दिलाई भाजपा की सदस्यता

मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की लोकसभा चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। कांग्रेस में रहते हुए जिस गुना-शिवपुरी सीट पर उन्हें भाजपा के केपी यादव ने हराया था, वहां से उन्होंने दावेदारी प्रबल कर ली है। गुना सांसद केपी यादव के भाई को सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। यह बात अहम है क्योंकि अजय पाल यादव ने अपने भाई के बजाय सिंधिया के हाथों भाजपा की सदस्यता ली है। सिंधिया ने पिछले दिनों इस क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इससे लग रहा है कि वह लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और आने वाले समय में गुना-शिवपुरी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। 2019 में इस सीट पर कांग्रेस से उम्मीदवार रहे सिंधिया को कभी उनके ही करीबी रहे केपी यादव ने हराया था। मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। उससे पहले गुना सिंधिया का गढ़ माना जाता था। 2020 में भाजपा में शामिल हुए सिंधिया इस समय राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने हाल ही में गुना-शिवपुरी में सक्रियता बढ़ाते हुए सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इसके बाद कई कांग्रेस नेताओं ने उनके माध्यम से भाजपा की सदस्यता ली है। अजय पाल यादव के भाजपा में आने से गुना में सिंधिया की ताकत बढ़ेगी। अजय पाल यादव गुना युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हैं और उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। दोनों ही भाजपा में शामिल हुए हैं। कांग्रेस पर जमकर बरसे सिंधिया
अजय पाल यादव को भाजपा में वापसी कराने के बाद सिंधिया ने प्रमोद कृष्णन पर कांग्रेस की कार्रवाई से जुड़े सवाल का जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस की जिस पार्टी की सोच और विचारधारा भारत की बैंकरप्ट करने की थी, वह अब खुद ही बैंकरप्ट हो चुकी है। न कोई सोच है और न ही कोई विचारधारा है। न कोई नीति है। केवल स्वतः की सोच है। जो पार्टी भगवान श्री राम के मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के आमंत्रण को नकारेगी, उसे पूरे देश की जनता आने वाले दिनों में नकारेगी। 

Share This News :