क्राइम ब्रांच को बंगले पर नहीं मिलीं आतिशी, लेकिन CM से मिलने पहुंचीं
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार भाजपा पर ऑपरेशन लोटस के आरोप लगाकर बुरी तरह फंस गई है। भाजपा की शिकायत पर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने इसकी जांच शुरू कर दी है। ताजा खबर यह है कि केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना को भी क्राइम ब्रांच ने नोटिस जारी करने वाली है। अरविंद केजरीवाल की तरह ही आतिशी से भी तीन दिन में जवाब देने को कहा जाएगा।क्राइम ब्रांच की टीम सुबह करीब 10 बजे आतिशी के सरकार आवास पर पहुंची। हालांकि आतिशी यहां नहीं मिली। उनके ओएसडी का इंतजार किया जा रहा है, ताकि नोटिस सर्व किया जा सके।इस बीच, आतिशी और आप सांसद राघव चट्ढा केजरीवाल के आवास पर पहुंचे। माना जा रहा है कि अब पार्टी आगे की रणनीति बनाने में जुट गई है।भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'अब तक आतिशी और अरविंद केजरीवाल कह रहे थे कि हमारे पास सबूत हैं और हमारे सात विधायकों को तोड़ा जा रहा है। अब दिल्ली पुलिस सबूत मांग रही है और क्राइम ब्रांच अरविंद केजरीवाल के आवास पर गई, तो वो भाग गए। अब जब क्राइम ब्रांच आतिशी के घर गईं, तो वो भी गायब हैं।'