लोकसभा चुनाव लड़ने का सवाल पर सिंधिया बोले- मेरा ...
ग्वालियर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नये और पू्र्ण विकसित भारत का सूर्योदय हो रहा है, इसका 500 वर्षों से इंतजार था। बजट सत्र में देश के सर्वोच्च सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण में इसकी झलक साफ नजर आ आती है। शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्र के मूलभूत विकास के तीन प्रमुख सूत्र हैं। पहला आत्म निर्भर भारत, दूसरा विश्व गुरु के रूप सर्वमान्य रूप से स्थापित करना और तीसरा विकसित राष्ट्रों की कतार में हम लोगों का शामिल होना है।
सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लिए चार समुदायों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें देश की आधी आबादी महिलाएं, युवा, किसान और गरीब शामिल हैं। पूर्ववर्ती सरकारों ने गरीबी हटाओ की सिर्फ बात की। गरीबों का जीवनस्तर उठाने के लिए कार्य केवल पिछले 10 वर्षों में हुए हैं। मंत्री सिंधिया ने दावा किया कि ग्वालियर भी बदल रहा है। ग्वालियर से चुनाव लड़ने के सवाल को टालते हुए मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह बात सही है कि ग्वालियर-चंबल मेरी प्राथमिकता में रहता है। किंतु मेरा पूरा फोकस समूचे प्रदेश की उन्नति पर होता है।