तांत्रिक बनकर आए, हालचाल पूछा, फिर 17 लाख की ज्वेलरी व 2 लाख कैश ले गए ,पुलिसकर्मी की पत्नी से ठगी
उत्तर प्रदेश के औरैया में तांत्रिक के भेष में बाइक से आए तीन युवकों ने पुलिस कर्मी की पत्नी को बातों में फंसा लिया. इसके बाद लगभग 17 लाख रुपये के जेवरात और 2 लाख की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए. इस सबके बदले में एक कागज का बंडल थमा गए. महिला ने घर पहुंचकर बंडल को खोला तो उसमें गिट्टी, मिट्टी व कंकड़ के साथ एक धागा निकला. बंडल खोलते ही महिला के होश उड़ गए और वह रोने-चिल्लाने लगी. उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी. जानकारी के अनुसार, यह मामला औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीन बस्ती भरथना रोड का है. यहां बागपत जिले में उप निरीक्षक के पद पर तैनात सुरेश यादव का मकान है. मकान में सुरेश की पत्नी कुसमा देवी अपने बेटों और बहुओं के साथ रहती हैं. शाम के करीब 5 बजे कुसुमा देवी दूध लेने जा रही थीं, तभी तांत्रिक के भेष में तीन बाइक सवार आए और उन्हें रोककर बातों में उलझा लिया.