चंपई सोरेन समेत JMM और गठबंधन समर्थक विधायक रांची में ही रूके, हैदराबाद की उड़ान रद्द
झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता गहराने के संकेत हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद विधायकों को तोड़ने की कोशिशें हो सकती हैं। भाजपा के प्रलोभन से बचाने के लिए विधायकों को झारखंड से बाहर भेजने की तैयारी किए जाने की खबरें सामने आई हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सूत्रों ने बताया है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायकों के साथ-साथ गठबंधन में शामिल कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायकों पर भाजपा की नजरें हैं। गठबंधन में शामिल विधायकों को पार्टी के प्रलोभन से बचाने के लिए विधायकों को झारखंड से बाहर किसी सुरक्षित जगह पर भेजने की कवायद हो रही है।समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक विधायकों को सर्किट हाउस से शिफ्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक बस में झामुमो विधायकों के अलावा गठबंधन सरकार में शामिल दलों के सभी नेता सवार हैं। विधायकों ने सर्किट हाउस से बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन का दावा है कि उनके पास 43 विधायकों का समर्थन है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विधायकों के लिए एयरपोर्ट पर दो चार्टड विमान तैयार हैं।झारखंड के सत्तारूढ़ विधायकों को कांग्रेस शासित प्रदेश हैदराबाद भेजा जा रहा है। इससे पहले पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि खरीद-फरोख्त की किसी भी संभावना को नाकाम करने और विधायकों को एकजुट रखने के प्रयासों के तहत विधायकों को झारखंड से दूसरी जगह भेजा जा रहा है। सूत्रों ने कहा, हमारे विधायकों को हैदराबाद भेजने के लिए दो चार्टर्ड विमान - एक 12 सीटों वाला और दूसरा 37 सीटों वाला - बुक किया गया है। रांची एयरपोर्ट पहुंचे नेताओं में विधायक दल के नेता चंपई सोरेन भी शामिल हैं।हैदराबाद रवाना होने से पहले सर्किट हाउस के पास झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने मीडिया कर्मियों से कहा कि 43 विधायक हैदराबाद जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि सभी को पता है कि वे किस हद तक जा सकते हैं। राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा कभी भी कुछ भी कर सकती है। ऐसे में विधायकों को एकजुट रखने के लिए गठबंधन में शामिल विधायक हैदराबाद जा रहे हैं।विधायकों के रवाना होने से पहले आई खबर के मुताबिक एक विधायक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, राजभवन से सरकार गठन के लिए निमंत्रण मिलने में देरी होने पर भाजपा विधायकों की अवैध खरीद-फरोख्त के प्रयास करेगी। ऐसे किसी नापाक मंसूबे को नाकाम करने के लिए उन्हें प्रदेश से बाहर भेजा जा रहा है।
बता दें कि झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद झामुमो नेता हेमंत सोरेन को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद राज्य के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन को झामुमो विधायक दल का नेता नामित किया गया। प्रवर्तन निदेशालय ने आधिकारिक सीएम आवास पर सात घंटे की पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन को देर रात गिरफ्तार किया।गठबंधन में शामिल विधायकों ने चार्टर्ड विमान के अंदर से तस्वीर शेयर की। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक गठबंधन में शामिल एक विधायक ने खुद यह तस्वीर शेयर की है। रात करीब 9.40 बजे आई खबर के मुताबिक खराब मौसम के कारण विमान रद्द करने का फैसला लिया गया। झामुमो नीत गठबंधन में शामिल विधायकों के एयरपोर्ट से सर्किट हाउस लौटने की खबर भी सामने आई है। खबर के मुताबिक खराब मौसम और घने कोहरे के बीच कम दृश्यता के कारण उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया गया है।