Home > अपना शहर ,
उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने उपनगर ग्वालियर को दी करोड़ों की सौगातें

कहा एक साल के भीतर सभी बस्तियाँ सड़क, पानी व सीवर की समस्या से मुक्त होंगी 

सड़क, पेयजल व सीवर व्यवस्था विकास के पैमाने होते हैं। ग्वालियर उपनगर क्षेत्र में श्रृंखलाबद्ध ढंग से ये सभी बुनियादी सुविधायें जुटाई जा रही हैं। अगले एक साल के भीतर ग्वालियर उपनगर की शेष बस्तियों को सड़क, पेयजल व सीवर की समस्या से पूर्णत: मुक्त कर दिया जायेगा। यह बात उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने गुरूवार को ग्वालियर उपनगर क्षेत्र के अंतर्गत विकास कार्यों के भू‍मि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में कही।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने शहर के वार्ड क्रं. 16 के अंतर्गत रेशम मिल भट्टा पार्क एवं वाउण्ड्रीवॉल के भूमि पूजन किया। यह कार्य 59 लाख रूपए की लागत से होने जा रहा है। उन्होंने इस वार्ड में लगभग एक करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही तिकोनिया पार्क की वाउण्ड्रीवॉल के लिये विधायक निधि से 10 लाख रूपए की धनराशि मुहैया कराने की घोषणा की। श्री पवैया ने इससे पहले शहर के वार्ड क्रं.32 के अंतर्गत सी-ब्लॉक गाँधी नगर में पेयजल ट्यूबबेल का लोकार्पण भी किया। साथ ही विधायक निधि से इस क्षेत्र में दो सीसी रोड़ बनवाने की घोषणा भी इस मौके पर की। उन्होंने कहा कि रेसकोर्स रोड़ की तर्ज पर पड़ाव से मलगढ़ा सहित उपनगर ग्वालियर क्षेत्र की अन्य सड़कों पर लगभग 2 करोड़ की लागत से एलईडी लगाकर जगमग किया जायेगा।

      रेश‍म मिल भट्टा पार्क के भूमि पूजन कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि वार्ड क्रं.16 के अंतर्गत लगभग 50 लाख रूपए की लागत से अन्य विकास कार्य भी स्वीकृत कराए गए हैं। इनकी टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और यह काम जल्द ही शुरू होंगे। इन कार्यों में बिरलानगर पुल के नीचे सीसी रोड़, गोपाल मिल से सब्जी मण्डी, बिरलानगर पुल तक आरसीसी नाला निर्माण और शासकीय प्राथमिक विद्यालय रेशम मिल में मरम्मत कार्य शामिल हैं। श्री पवैया ने कहा  कि जेसीमिल के श्रमिकों के आधे बिजली बिल और सरचार्ज सरकार ने माफ कर दिए हैं। शेष विद्युत बिलों को पाँच किश्तों में जमा करने की सुविधा भी सरकार ने दी है। जेसीमिल श्रमिक 31 जनवरी तक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि शांति, अमन, चैन और पुख्ता कानून-व्यवस्था के साथ सुनियोजित विकास के लिये सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों की चिंता की है और 27 करोड़ लोगों के जन धन खाते खुलवाये हैं। इसी तरह लाखों बीपीएल परिवारों की महिलाओं को नि:शुलक गैस कनेक्शन सरकार ने दिए हैं।

      इन कार्यक्रमों में पार्षद श्रीमती राजकुमारी संतोष भारती, वरिष्ठ पार्षद श्री ओमप्रकाश शेखावत, राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री अरूण सिंह तोमर, श्रीमती मीना सचान तथा सर्वश्री अरूण कुलश्रेष्ठ, राजेन्द्र शर्मा, गजेन्द्र राठौर व जगराम कुशवाह  सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

यह घोषणायें कीं

  • विधायक निधि से लोको गेट-कांतिनगर-साकेत नगर सड़क निर्माण।
  • अमरकंटक अपार्टमेंट से 15-साकेतनगर तक विधायक निधि से सड़क निर्माण।
  • तिकोनिया पार्क रेशम मिल में 10 लाख की लागत से वाउण्ड्रीवॉल निर्माण।

   

Share This News :